अयोध्या: सिगरेट लाओ तो बकाया देता हूं, दुकानदार को कार में बैठाकर दबंगों ने जमकर पीटा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पूराकलंदर थाना क्षेत्र के कोड़री चौराहे का मामला, सुनसान जगह पर फेंका 

पूराबाजार, अयोध्या, अमृत विचार। पूराकलंदर थाना क्षेत्र के कोड़री चौराहे पर रविवार देर शाम उधारी का पैसा मांगने पर दबंगों ने एक दुकानदार को असलहे के बल पर जबरन कार में बैठा लिया और मारपीट कर मरणासन्न स्थिति में एक सुनसान जगह पर फेंक दिया। घायल का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।
     
बीकापुर कोतवाली क्षेत्र के भवानीपुर मजरुद्दीनपुर गांव निवासी सोमई प्रसाद ने पुलिस को बताया कि वह पूराकलंदर थाना क्षेत्र के कोड़री चौराहा पर फास्ट फूड की दुकान करता है। रविवार शाम करीब सात बजे एक स्विफ्ट कार से सतीश तिवारी, शिवम पाठक सहित चार लोग आये और उधार सिगरेट मांगी। दुकान पर बैठे हमारे लड़के रंजीत ने कहा पहले पुराना बकाया दीजिये। 

सतीश ने कहा, सिगरेट लाओ पुराना भी ले जाओ और सिगरेट का पैसा भी। रंजीत कार के पास पहुंचा तो उपरोक्त ने उसे असलहे के बल पर कार में बैठा लिया। झलिहवा के बाग में ले जाकर मारा पीटा और लक्ष्मीदासपुर होते हुए कर्मा गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय के पास मरणासन्न स्थिति में कार से ढकेल कर भाग गए। 

कुछ देर बाद होश आने पर सूचना परिजनों को दिया। पूराकलंदर थानाध्यक्ष रतन शर्मा ने बताया कि सोमई प्रसाद निवासी भवानीपुर मजरुद्दीनपुर कोतवाली क्षेत्र बीकापुर की तहरीर पर सतीश तिवारी, शिवम पाठक व दो अज्ञात के विरुद्ध मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

ये भी पढ़ें - वाराणसी: मनोज तिवारी ने अस्सी घाट पर वितरण किया जरूरतमंदों को भोजन      

संबंधित समाचार