लखनऊ: यूपी एग्रीटेक कान्क्लेव 2023 पर बोले सूर्यप्रताप शाही, ODOP की तर्ज पर होगा 'एक ब्लाक एक उत्पाद'
कृषि क्षेत्र को अधिक लाभदायी बनाने के लिए नयी खाद्य प्रसंस्करण नीति पर किया जा रहा कार्य - कृषि मंत्री
अमृत विचार, लखनऊ। राजधानी लखनऊ के इन्दिरा गांधी प्रतिष्ठान में यूपी एग्रीटेक कान्क्लेव 2023 का आयोजन किया गया। जिसका उद्घाटन उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही ने किया। इस दौरान कृषि राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख, उद्यान राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह, मुख्यमंत्री के आर्थिक सलाहकार के वी राजू, अपर मुख्य सचिव कृषि देवेश चतुर्वेदी, कृषि उत्पादन आयुक्त मनोज कुमार सिंह, उद्यान निदेशक डॉ आर के तोमर, कृषि निदेशक वी के सिंह समेत कई अधिकारी, एग्रीटेक कम्पनियों के प्रतिनिधि और किसान मौजूद रहे। इसके अलावा यूपी एग्रीटेक कान्क्लेव 2023 में कृषि उत्पादन से जुड़े हुए विभिन्न समूहों द्वारा अपने उत्पादों और कार्यक्रमों पर आधारित प्रदर्शनी भी लगायी गयी।
.jpg)
इस अवसर पर कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही ने कहा कि 6 वर्षों में प्रदेश की कृषि उत्पादकता में सराहनीय वृद्धि हुई है। साथ ही सरकारी सुविधाओं में पारदर्शिता बढ़ाने के लिए प्रत्येक स्तर पर डिजिटलाइजेशन किया जा रहा है। कृषि क्षेत्र को समेकित रूप से विकसित करने के लिए जल और मृदा संरक्षण के साथ-साथ फल-फूल, मत्स्य, पशुपालन, डेयरी तथा अन्य अनुषांगिक क्रियाओं को एकीकृत रूप से विकसित किया जायेगा। इसके लिए एक जिला एक उत्पाद की तर्ज पर प्रदेश स्तर पर एक ब्लाक एक उत्पाद को प्रोत्साहित किया जायेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी की सोच के अनुसार हमें कृषि क्षेत्र को बैक टू बेसिक के साथ-साथ टेक्नोफ्रैंडली बनाना होगा, जिससे किसानों के जीवनस्तर को ऊंचा उठाया जा सके। कृषि क्षेत्र को अधिक लाभदायी बनाने के लिए नयी खाद्य प्रसंस्करण नीति पर भी कार्य किया जा रहा है।
कृषि मंत्री ने आगे कहा कि प्रदेश के मुखिया योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश को सर्वाेत्तम प्रदेश बनाने के लिए कृतसंकल्पित हैं। इसमें कृषि और प्राथमिक क्षेत्र की भूमिका अति महत्वपूर्ण रहने वाली है। इसके लिए प्रदेश सरकार किसानों की लागत को घटाकर गुणवत्तापूर्ण उत्पाद तैयार करके उनकी आय में वृद्धि करने के लिए खेत और आधुनिक तकनीक के बीच प्रभावी सामंजस्य स्थापित करने का प्रयास कर रही है।
ये भी पढ़ें:- लखनऊ: BSNL-MTNL पेंशनर एसोसिएशन ने किया धरना प्रदर्शन, पेंशन रिवीजन की उठाई मांग
