बरेली: जोगी नवादा में कांवड़ियों को रोकने, अफसरों से अभद्रता करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज, आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
बरेली, अमृत विचार। बारादरी के जोगी नवादा में बवाल के बाद तत्कालीन एसएसपी प्रभाकर चौधरी को हटा दिया गया। उसके बाद नवागत एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान ने कार्यभार संभालते ही जोगी नवादा का दौरा किया और उन्होंने अफसरों से बातचीत की। इसके बाद बारादरी थाने में कांवड़ियों का रास्ता रोकने और अफसरों से धक्का-मुक्की और अभद्रता करने के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है। फायरिंग करने वाले दो लोगों की पुलिस ने पहचान कर ली है। पुलिस अब बवाल करने वालों की गिरफ्तारी में जुटी हुई है। जल्द ही बवालियों की गिरफ्तारी की जाएगी।
पुलिस की तरफ से एसआई वकार अहमद ने एफआईआर दर्ज कराई है। उन्होंने दर्ज एफआईआर में बताया कि 30 जुलाई रविवार को दिन में दो बजे क्षेत्र में गश्त करते हुए जोगी नवादा पहुंचे। यहां कुछ कांवड़िए कछला घाट जल लेने जा रहे थे। जोगी नवादा में मुस्लिम समुदाय की कुछ महिला व पुरुष कांवड़ियो का रास्ता रोककर बैठ गए। मौके पर मौजूद पुलिस व प्रशासनिक के अफसरों ने काफी समझाया लेकिन वह नहीं माने।
इस दौरान उपद्रवियों ने अधिकारियों व पुलिस बल के साथ धक्का मुक्की की। पुलिस ने बल प्रयोग कर सख्ती दिखाते हुए उपद्रवियों को खदेड़ा। इसके बाद कावंड़िए कछला घाट के लिए रवाना हो सके। बारादरी पुलिस उपद्रवियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। सीओ तृतीय आशीष प्रताप सिंह ने बताया कि फायरिंग करने वाला एक आरोपी चक महमूद का है और दूसरा बारादरी थाना क्षेत्र में ही किराए के कमरे में रहता है। उनकी गिरफ्तारी के प्रसास किए जा रहे हैं। इसके साथ ही आसपास में लगे सीसीटीवी कैमरे को भी खंगाला जा रहा है।
ये भी पढे़ं- बरेली कॉलेज में छात्र के साथ मारपीट, मचा हड़कंप
