संभल: किशोर की हत्या के आरोप में सात पर रिपोर्ट दर्ज
अदालत के आदेश पर थाना बनियाठेर में दर्ज हुई एफआईआर
संभल/चन्दौसी, अमृत विचार। किशोर की हत्या के आरोप में अदालत के आदेश पर थाना बनियाठेर पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। मामला थाना क्षेत्र के गांव गुमथल का है। पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई है।
न्यायालय एसीजेएम के आदेश पर पुलिस ने पीड़ित मां कलावती पत्नी खेमकरन निवासी गांव गुमथल की ओर से श्याम बाबू, पुष्पेंद्र, धर्मेंद्र, सुरेंद्र, रोशनी, पप्पू व रामबाबू निवासी गण गांव गुमथल के खिलाफ हत्या के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की है। जिसमें पीड़िता ने बयां किया है कि उसके घर के सामने स्थित मकान में रह रहे एक परिवार की युवती का किसी व्यक्ति से प्रेम प्रसंग चल रहा था।
युवती उसके बेटे कुंवरसैन (17) के मोबाइल से अपने प्रेमी से बात करती थी। इसी बात को लेकर युवती के परिवार वाले उसके परिवार से रंजिश रखने लगे। इसके चलते 26 अप्रैल 2023 की सुबह करीब साढ़े सात बजे उक्त लोग उसके बेटे कुंवरसैन को घर बुलाकर ले गए। आरोप है कि बेटे को कमरे में बंद कर मारपीट की। जिससे उसका एक दांत टूट गया।
इतना ही नहीं उक्त लोगों ने बेटे को जहरीला पदार्थ खिला दिया और हालत बिगड़ने पर उसे घर डाल गए। साथ ही धमकी दी कि कुंवरसैन को हमने मार दिया है और अब दूसरे बेटे राजेश को भी मार देंगे। पीड़िता का कहना है कि वह तत्काल बेटे कुंवरसैन को बेहोशी की हालत में विवेकानंद अस्पताल मुरादाबाद ले गई। वहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस मामले में 27 अप्रैल को उसने थाना बनियाठेर पहुंच कर पुलिस को तहरीर दी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। जिससे उसे अदालत की शरण लेने के लिए मजबूर होना पड़ा।
ये भी पढ़ें:- रामपुर: रजा लाइब्रेरी में रखी पांडुलिपियों और साहित्य पर डाक्यूमेंट्री बनवाएगा संस्कृति मंत्रालय
