संभल: जमीन के विवाद में कचहरी गईं महिलाओं से मारपीट
विरोधी पक्ष ने अधिवक्ता के चेंबर में जाकर किया हमला, मोबाइल तोड़े, अपने अधिवक्ता के साथ कोतवाली पहुंची महिलाएं, दी तहरीर, मोहल्ला कागजी के परिवार का मोहल्ले के ही अधिवक्ता से चल रहा है मुकदमा
सीएचसी में उपचार कराने पहुंची घायल महिलाएं।
संभल/चन्दौसी, अमृत विचार। जमीन विवाद के मुकदमे में तारीख पर कचहरी पहुंची महिलाओं से मारपीट कर उनके मोबाइल छीन कर तोड़ दिए गए। पीड़ित महिलाओं ने अपने अधिवक्ता के साथ कोतवाली पहुंच कर पुलिस को मामले की जानकारी दी। पुलिस ने घायल महिलाओं का सरकारी अस्पताल में मेडिकल कराया है। रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है। सीओ ने कोतवाली पहुंच कर घटना की जानकारी ली है। मारपीट के दौरान कुछ देर के लिए कचहरी परिसर में हंगामे का माहौल रहा।
मोहल्ला कागजी में मुस्लिम परिवार का मोहल्ले के ही एक अधिवक्ता से जमीन का विवाद चल रहा है। जिसका मुकदमा अदालत में विचाराधीन है। मंगलवार की दोपहर करीब दो बजे मोहल्ले कीअबाना फैसल पत्नी मो.असद, रूबी पत्नी मो. राशिद, उमा अफरोज पत्नी मो.आसिफ, नगमा पत्नी मो. नाजिम व नगमा का बेटा अजीम तारीख पर जिला न्यायालय गए थे और अपने अधिवक्ता के चेंबर पर जाकर बैठ गए। चेंबर पर अधिवक्ता नहीं थीं। आरोप है कि उसी समय दूसरे पक्ष के अधिवक्ता अपने परिवार की महिलाओं के साथ चेंबर पर आ धमके और महिलाओं से मारपीट शुरु कर दी।
महिलाओं को लातघूसों से पीटा। इतना ही नहीं मोबाइल भी छीन लिए और जमीन पर पटक कर तोड़ दिए। चीख पुकार मच गई। हंगामे भरा माहौल हो गया। चीख पुकार मचने पर मौके पर भीड़ जुट गई। किसी ने बीच बचाव का साहस भी नहीं किया। आसपास चेंबरों ने वादकारी मौके पर पहुंचे और बीच बचाव कराया। मारपीट में महिलाएं मामूली रुप से चोटिल हो गईं। इसके बाद महिलाएं अपनी महिला अधिवक्ता के साथ कोतवाली पहुंची और पुलिस को मामले की जानकारी दी। सीओ प्रदीप कुमार ने भी कोतवाली पहुंच कर जानकारी ली है। पुलिस ने महिलाओं का सीएचसी में उपचार कराया है।
मैंने मामले की जानकारी की है। घायलों का सरकारी अस्पताल में मेडिकल कराया गया है।, तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। -प्रदीप कुमार, सीओ चन्दौसी।
ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : ऑपरेशन में अधिक रक्तस्राव से हुई प्रसूता की मौत
