मुरादाबाद : अब 10 अगस्त तक ले सकेंगे बीमा योजना का लाभ

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

किसान खरीफ फसल को प्राकृतिक आपदा से बचाने के लिए बीमा कराएं

मुरादाबाद, अमृत विचार। प्राकृतिक आपदा से किसान की फसलों को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचता है। फसल में होने वाले नुकसान से बचने के लिए सरकार ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना चला रखी है। किसान अपनी खरीफ फसल का बीमा कराएं। अब इसकी तिथि 10 अगस्त तक बढ़ा दी गई है। जिससे ज्यादा से ज्यादा किसान इसका लाभ ले सकें। शासन ने  इफको टोकियो जनरल इंश्योरेंस कंपनी को नामित किया है। कंपनी ने कांशीराम कालोनी में अपना कार्यालय खोल रखा है। 

उप कृषि निदेशक ऋतुषा तिवारी ने बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत किसानों की फसलों का बीमा कराया जाएगा। इसके लिए शासन ने कंपनी को भी नामित कर  दिया है। उन्होंने बताया कि 31 जुलाई तक बीमा होना था, लेकिन अब शासन ने इसे 10 अगस्त तक बढ़ा दिया है। अगर प्राकृतिक आपदा से फसल को नुकसान  होता है तो बीमा का लाभ दिया जाएगा।

बताया कि पिछले साल जिले के 15,875 किसानों ने अपनी फसल का बीमा कराया था। जिन किसानों ने फसल के नुकसान की जानकारी समय से कंपनी को दी, तो ऐसे 347 किसानों को 61.24 लाख रुपये की क्षतिपूर्ति बीमा कंपनी द्वारा सीधे उनके खातों में भेजी गई थी। बताया कि किसान अपनी फसल का बीमा अब 10 अगस्त तक संबंधित बैंक शाखा, जनसेवा केंद्र या केंद्र सरकार के पीएमएफबीवाई पोर्टल पर करा सकते है।

किसानों के मोबाइल नंबरों को किया जा अपडेट
मुरादाबाद, अमृत विचार: गन्ना सट्टा प्रदर्शन के दौरान खासतौर पर किसानों के मोबाइल नंबरों को अपडेट किया जा रहा है। फोन नंबर गलत अंकित होने से किसानों को गन्ना पर्ची मिलने में परेशानी आती है। क्योंकि किसानों को पर्ची मोबाइल एसएमएस के जरिए मिल रही है। इससे किसानों को फायदा मिल रहा है। लेकिन, कभी-कभी मोबाइल नंबर अपडेट न होने से किसानों को पेराई सत्र में दिक्कत होती है। उप आयुक्त गन्ना हरपाल सिंह ने बताया कि गन्ना सट्टा प्रदर्शन के दौरान किसानों के रिकार्ड को अपडेट किया जा रहा है। जिससे किसानों को पेराई सत्र में पर्ची मिलने में किसी प्रकार की दिक्कत न हो। यह अभियान 20 अगस्त तक चलेगा। किसान खुद भी मोबाइल नंबरों को अपडेट कराएं।

किसान सम्मान निधि योजना का नहीं मिल रहा लाभ
मुरादाबाद, अमृत विचार: प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ कुछ किसानों को नहीं मिल पा रहा है। शिकायत के बाद भी समस्याओं का निराकरण नहीं किया जा रहा है। एक किसान ने बताया कि जब से योजना शुरू हुई है। उसे एक भी किस्त नहीं मिली है।  पहले सरकार ने लघु और सीमांत किसानों के लिए ही प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना को शुरू किया था। लेकिन पिछले लोकसभा चुनाव के बाद सभी किसानों को योजना का लाभ दिया जा रहा है। इसमें एक किसान परिवार को छह हजार रुपये हर साल मिलते हैं। यानि हर चार माह में दो हजार रुपये मिलते हैं। पिछले माह शासन के निर्देश पर ग्रामीण क्षेत्रों में शिविर भी लगाए गए। जिससे किसानाें की समस्याओं को दूर किया जा सके।

ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : सोनकपुर स्टेडियम में सुविधाओं के अभाव में खिलाड़ियों का अभ्यास हो रहा प्रभावित

संबंधित समाचार