रामनगर: घास काटने गयी महिला को हाथी ने पटक कर मार डाला
रामनगर, अमृत विचार। जंगल मे घास लेने गयी महिला को जंगली हाथी ने पटक कर मार डाला। बताया जाता है कि बुधवार की साय लगभग चार बजे ग्राम टेड़ा निवासी अनीता देवी पत्नी जसपाल सिंह (45) अपनी दो महिला साथियों के साथ जंगल मे घास काटने गयी थी।
अभी वह टेड़ा गाव अपने घर से 200 मीटर दूर ही पहुंची थी तभी उस पर हाथी ने हमला कर दिया। उसके साथ गयी दोनो महिलाये उससे आगे निकल गयी थी मगर उसकी चीख सुनकर वह वापस लौटी तो हाथी का हमला देख वह वापस गांव की ओर भागी। सूचना मिलते ही ग्रामीण घटना स्थल पर पहुंचे तब तक उसने दम तोड़ दिया था।
घटना की जानकारी मिलने पर वन विभाग के कर्मचारी भी मौके पर पहुचे। महिला के शव को अस्पताल में लाया गया जहां उसका पीएम गुरुवार को किया जाएगा। महिला के तीन बच्चे है जिनमें दो लड़कियां व एक लड़का है। महिला की मौत से पूरे गांव मे शोक छा गया। टेड़ा की प्रधान विमला देवी व उप प्रधान आनंद सिंह ने महिला के परिजनों को तत्काल मुआवजा दिए जाने की मांग की है।
