यूपी बोर्ड: आठ किमी के दायरे में बनेंगे परीक्षा केंद्र, DIOS ने मांगी जियो लोकेशन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

डीआईओएस ने सभी प्रधानाचार्यों से मांगी जियो लोकेशन

DEMO IMAGE

बरेली, अमृत विचार। यूपी बोर्ड परीक्षा- 2024 की तैयारी शुरू हो गई है। परीक्षा केंद्रों का निर्धारण इस लिहाज से किया जाएगा कि परीक्षार्थियों को आठ किलोमीटर से दूर न जाना पड़े। इसके लिए सभी कॉलेजों से उनकी जियो लोकेशन मांगी गई है। यह भी आगाह किया गया है कि गलत सूचनाएं देने वाले कॉलेजों को परीक्षा केंद्र नहीं बनाया जाएगा।

जनपद में 463 माध्यमिक कॉलेज हैं जिनके छात्र बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे। यूपी बोर्ड की ओर से जारी वार्षिक शैक्षिक कैलेंडर के अनुसार इस बार हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा फरवरी-2024 में होने की उम्मीद है। बोर्ड ने निर्देश दिया है कि परीक्षा केंद्र आठ किमी दायरे के अंदर बनाए जाएं। इसी कारण विभागीय अधिकारियों ने सभी कॉलेजों से उनकी जियो लोकेशन मांगी है। बोर्ड की वेबसाइट पर जियो लोकेशन फीड होने के बाद मुख्यालय से परीक्षा केंद्रों का निर्धारण किया जाएगा।

डीआईओएस ने इसके साथ ब्लॉकवार नोडल अधिकारी नामित कर उन्हें कॉलेजों का भौतिक सत्यापन करने का निर्देश दिया है। प्रधानाचार्यों को जारी पत्र में आगाह किया गया है कि जरूरी जानकारी छिपाने या गलत तथ्य भेजने पर कड़ी कार्रवाई के साथ उन्हें परीक्षा केंद्र की सूची से बाहर कर दिया जाएगा। कहा जा रहा है कि गलत जानकारी देने या तथ्यों को छिपाने से परीक्षा केंद्रों का दूरी संबंधी मानक बिगड़ सकता है। ऐसे में परीक्षार्थियों को परेशान होना पड़ेगा। परीक्षा केंद्र के लिए जो संसाधन जरूरी हैं, उनकी सही जानकारी भी जियो लोकेशन के साथ देनी होगी।

ये मानक करने होंगे पूरे
जियो लोकेशन के साथ कॉलेजों में मूलभूत सुविधाएं जैसे शौचालय, पेयजल, बिजली, छात्रों के बैठने के लिए पर्याप्त व्यवस्था, सीसीटीवी, कॉलेज तक पहुंचने का सुगम मार्ग आदि जानकारी मांगी गई है। पहले चरण में उन्हीं कॉलेजों को परीक्षा केंद्र बनाया जाएगा जिनमें ये सुविधाएं होंगी।

जियो लोकेशन के आधार पर ही परीक्षा केंद्रों का निर्धारण होगा। ऐसे में स्कूलों की ओर से गलत सूचना देने पर छात्रों को दिक्कत हो सकती है। इसे देखते हुए सभी प्रधानाचार्यों को जरूरी निर्देश दिए गए हैं---देवकी सिंह, डीआईओएस।

यह भी पढ़ें- बरेली: जोगी नवादा में बवाल के बाद बैरिकेडिंग में जुटा प्रशासन, पांचवें सोमवार को पुलिस की कड़ी परीक्षा

संबंधित समाचार