हल्द्वानी: अतिक्रमण की शिकायत करने वाले को जान से मारने की धमकी
पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दर्ज की रिपोर्ट
डीएम से की थी भू-मफिया के इशारे पर अवैध प्लाटिंग की शिकायत
हल्द्वानी, अमृत विचार। दमुवाढूंगा चौफुला में वन भूमि पर हो रहे अवैध अतिक्रमण की शिकायत पर शिकायतकर्ता को जान की धमकी मिलने लगी। जिसके बाद पीड़ित पुलिस के पास पहुंचा और अब काठगोदाम पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
मल्ला चौफुला दमुवाढूंगा वार्ड 37 निवासी मनोज नाथ गोस्वामी ने पुलिस को बताया कि 27 जुलाई को उन्होंने डीएम को पत्र लिखकर भू-माफियों के खिलाफ प्राथना पत्र दिया था। मनोज ने कहा था कि दमुवाढूंगा में वन भूमि पर भू-माफिया के इशारे पर अवैध कब्जा कर प्लाटिंग की जा रही है।
मामले में 1 अगस्त को जिला विकास प्राधिकरण की सचिव सिटी मजिस्ट्रेट ऋचा सिंह मौके पर पहुंची और मनोज को भी फोन करके बुलाया। इसके बाद वह अपने घर को आ गया। शाम को जब वह घर से निकला तो उसके गाड़ी के पास जीत राम उर्फ गुड्डू आया और गाली गलौज करने लग गया। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने लगा। एसओ प्रमोद पाठक ने बताया तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
