मुरादाबाद: घर के सामने से बछड़े को उठा ले गया तेंदुआ, ग्रामीणों में दहशत
मुरादाबाद/ठाकुरद्वारा, अमृत विचार। तेंदुआ घर के सामने से छुट्टा बछड़े को उठा ले गया और ट्यूबवेल के पास ले जाकर निवाला बना लिया। जब तक ग्रामीण मौके पर पहुंचे तब तक तेंदुआ जंगल में चला गया था। तेंदुए की सूचना मिलने पर ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
क्षेत्र के गांव पानवाला निवासी चमन सिंह ने बताया कि छुट्टा पशु अक्सर जानवरों के डर से गांव में आकर बैठ जाते हैं। गुरुवार सवेरे चार बजे के करीब उसके घर के दरवाजे निकट कई छुट्टा पशु बैठे थे। अचानक तेंदुए ने जंगल से निकलकर बछड़े पर हमला बोल दिया। तेंदुए के हमला करते ही अन्य पशु भाग निकले।
तेंदुआ बछड़े को 50 मीटर दूर विजय सिंह के ट्यूबवेल के निकट खींच ले गया और निवाला बना लिया। अन्य पशुओं की आवाज सुनकर उसकी आंख खुली तो देखा कि तेंदुआ बछड़े को खींचकर जंगल की ओर ले जा रहा था।
शोर मचाने पर ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंचे तब तक तेंदुआ बछड़े को निवाला बना चुका था और शोर-शराबा होने पर जंगल की ओर भाग गया। ग्राम प्रधान दिलशाद, शिवराज सिंह, शिवराज सिंह, चंद्रपाल सिंह, छोटे सिंह, महिपाल सिंह आदि का कहना है कि 15 दिनों से गांव के आसपास तेंदुआ देखा जा रहा है।
ये भी पढ़ें:- प्रयोगशाला में बने मांस को क्यों करना पड़ रहा है चुनौतियों का सामना? जानें आठ अहम सवाल
