बरेली: 8.45 करोड़ से होगा 397 स्कूलों का कायाकल्प, बीएसए ने दिए निर्देश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

खंड शिक्षा अधिकारियों को जल्द रिपोर्ट तैयार करने के बीएसए ने दिए निर्देश

बरेली, अमृत विचार। जर्जर परिषदीय स्कूलों को जल्द ही कायाकल्प कराया जाएगा। इसके लिए शासन ने 8.45 करोड़ की धनराशि स्वीकृत कर दी है। यूडायस प्लस के आधार पर चिह्नित जिल के 397 स्कूलों का कायाकल्प कराने के लिए उनकी स्थिति का सत्यापन कराया जा रहा है। सत्यापन रिपोर्ट के आधार पर इनका कायाकल्प कराया जाएगा। बीएसए ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों से इस संबंध में रिपोर्ट मांगी है।

विभाग की ओर से तैयार रुपरेखा के अनुसार चहारदीवारी, शौचालय, विद्युतिकरण, पेयजल, वृहद व लघु मरम्मत का कार्य कराया जाएगा। इनके लिए अलग-अलग धनराशि भेज दी गई है। विभाग के मुताबिक इससे पहले बीएसए की ओर से जीर्णोद्धार के लिए 528 स्कूलों की सूची शासन को भेजी गई थी। बीएसए ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को स्कूलों की सत्यापन रिपोर्ट एक हफ्ते के भीतर भेजने को कहा है। स्कूलों का कायाकल्प फरीदपुर, क्यारा, बहेड़ी, बिथरी चैनपुर, भोजीपुरा, मझगवां आदि ब्लॉक में कराया जाएगा।

टपकती छतों का होगा निदान
जिले में कई ऐसे स्कूल हैं जिनकी दीवारों और लिंटर में दरारें आ गई हैं। फर्श उधड़ गया है। दीवार से प्लास्टर झड़ने लगा है। कई में पेयजल की भी पर्याप्त सुविधा नहीं है और बिजली भी नहीं हैं। ऐसे स्कूलों में सभी मूलभूत सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी। साथ ही जरूरत के मुताबिक मरम्मत व निर्माण कार्य कराया जाएगा ।

इन कार्यों के लिए आया बजट-
चहारदीवारी                        - 658.58
54 बालक शौचालय               - 54 लाख
63 बालिका शौचालय           - 63 लाख
विद्युतिकरण                       - 21.6 लाख
57 स्कूलों में मरम्मत कार्य     - 48.72 लाख

कई स्कूलों में ग्राम पंचायत स्तर पर भी निर्माण व मरम्मत कार्य भी कराए गए हैं। धनराशि उन स्कूलों को आवंटित की जानी है, जहां अब तक कार्य नहीं हुआ है और जहां जरूरी है। इसलिए सभी खंड शिक्षा अधिकारियों काे जल्द से जल्द सत्यापन कर रिपोर्ट देने को कहा गया है--- संजय सिंह, बीएसए।

यह भी पढ़ें- बरेली: चोरों ने अलग-अलग इलाके से तीन वाहनों पर हाथ किया साफ, रिपोर्ट दर्ज

संबंधित समाचार