संविधान और लोकतंत्र की जीत हुई, भाजपा की साजिश बेनकाब: कांग्रेस अध्यक्ष

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने ‘मोदी उपनाम’ वाली टिप्पणी से संबंधित आपराधिक मानहानि के मामले में उच्चतम न्यायालय द्वारा पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को राहत दिए जाने को संविधान, लोकतंत्र और भारत की जनता की जीत करार देते हुए शुक्रवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी की साजिश बेनकाब हो गई है। 

उच्चतम न्यायालय ने ‘मोदी उपनाम’ को लेकर की गई कथित विवादित टिप्पणी के संबंध में 2019 में दर्ज आपराधिक मानहानि मामले में राहुल गांधी की दोषसिद्धि पर रोक लगाते हुए शुक्रवार को उनकी लोकसभा की सदस्यता बहाल करने का रास्ता साफ कर दिया। खरगे ने ट्वीट किया, ‘‘ सत्यमेव जयते ! उच्चतम न्यायालय के फैसले का तहे दिल से स्वागत ! संविधान, लोकतंत्र और भारत की जनता की जीत हुई। वायनाड के नागरिकों की जीत हुई। राहुल गांधी जी के ख़िलाफ़ भाजपा की साज़िश बेनकाब हुईं।’’ 

उन्होंने कहा, ‘‘लोकतंत्र के मंदिर में फिर गूंजेगी आम जन की बुलंद आवाज़। सत्य और साहस के प्रतीक बन गए हैं राहुल गांधी। मोदी सरकार और भाजपा के लोग वही काम करें जिसका उनको जनादेश मिला है। अपने वादों को निभाने में वो एक दशक से विफल रहे हैं। संसद और सड़क तक जारी रहेगा जनता के सवालों पर संग्राम।’’ 

ये भी पढ़ें- 'मोदी' उपनाम टिप्पणी मामला: सुप्रीम कोर्ट से राहुल गांधी को बड़ी राहत, सजा पर लगी रोक, लोकसभा सदस्यता बहाल!

संबंधित समाचार