बरेली: मंत्री धर्मपाल सिंह ने कप्तान को दिए निर्देश, बोले- कोई दोषी बचे ना और कोई बेगुनाह फंसने ना पाये
बरेली, अमृत विचार। मंत्री पशुधन एवं दुग्ध विकास धर्मपाल सिंह ने आज सर्किट हाउस में जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक तथा पशुधन विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक करते हुये निर्देश दिये कि चारागाहों की भूमि को कब्जा मुक्त कराया जाये और कब्जा मुक्त हुई भूमियों पर गोवंशों के लिये नेपियर घास व हरा चारा उगाया जाये।
उन्हें जिलाधिकारी शिवाकान्त द्विवेदी द्वारा अवगत कराया गया कि चारागाह की भूमियों को अधिक से अधिक संख्या में कब्जा मुक्त करा लिया गया है और अधिकतर चारागाह भूमियों पर नेपियर घास व चारा उगाने का कार्य प्रारम्भ भी कर दिया गया है। जिसका तहसीलवार विवरण भी उनके समक्ष प्रस्तुत किया गया।
बताया कि जनपद के अधिकांश खण्ड विकास अधिकारी (बीडीओ) राज्य वित्त आयोग का धन जो जनपद को रुपया 90 लाख (नब्बे लाख) की धनराशि प्राप्त हुई है वो प्रधानों के खाते में जाना है, जिससे गायों के लिये हरा चारा, भूसा व पौष्टिक चारा खरीदा जायेगा। जिलाधिकारी ने बताया शीघ्र ही सभी खण्ड विकास अधिकारी को धनराशि जारी करने के आदेश दे दिये जायेंगे।
पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने निर्देश दिये कि निर्माणाधीन गौशालाओं का निर्माण कार्य शीघ्रता व गुणवत्तापरक कराया जाये। यदि कोई बाधा आती है तो उसका तत्काल निवारण कराया जाये, ताकि निराश्रित गोवंशों को आश्रय स्थल पर पहुंचाया जा सके। जानकारी दी गई कि बरेली में बीएल एग्रो प्रतिष्ठान द्वारा गाय में भ्रूण प्रत्यारोपित कर दूध की उत्पादकता बढ़ाये जाने का अभिनव प्रयोग शीघ्र ही आईवीआरआई और ब्राजील के वैज्ञानिकों के माध्यम से प्रारंभ किया जायेगा।
मंत्री धर्मपाल सिंह ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक घुले सुशील चन्द्रभान को निर्देश दिये कि थाने में आने वालों प्रत्येक पीड़ित पक्ष की रिपोर्ट अनिवार्य रूप से दर्ज की जाये तथा उस पर प्रभावी कार्यवाही की जाये, इस बात का विशेष ध्यान रखा जाये कि कोई दोषी बचे ना और कोई बेगुनाह फंसने ना पाये।
इस दौरान उन्होंने प्रशासन की भूरी-भूरी प्रसंशा करते हुए कहा कि प्रशासन ने अवैध मदरसों को ध्वस्त कराकर जो जमीन को कब्जा मुक्त करायी गयी है यह एक सराहनीय कार्य है, यह जमीन गरीबों के काम आयेगी। उन्होंने जिलाधिकारी व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को जनपद के विकासात्मक कार्य व कानून व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाये रखने के निर्देश दिये।
यह भी पढ़ें- बरेली: 3 चरणों में चलेगा मिशन इंद्रधनुष 5.0 अभियान, छूटे 5 साल तक के बच्चों का किया जाएगा टीकाकरण
