पीलीभीत: एफएसडीए टीम से अभद्रता पड़ी महंगी, व्यापारी नेता समेत दस के वारंट जारी
पीलीभीत, अमृत विचार। निरीक्षण करने पहुंची एफएसडीए टीम से अभद्रता कर सैंपल छीनकर नष्ट करने और सरकारी कार्य में बाधा डालकर कार्रवाई बाधित करने के मामले में फंसे व्यापारियों की मुश्किल बढ़ती दिखाई दे रही है। राज्य सरकार के एक अफसर की ओर से दर्ज कराए गए परिवाद में व्यापार मंडल के जिला महामंत्री समेत दस आरोपियों के वारंट जारी करते हुए न्यायालय ने अगली सुनवाई के लिए 29 अगस्त की तिथि नियत की है।
एक जुलाई 2023 को खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुभाष बाबू यादव ने अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अमित यादव की अदालत में परिवाद दर्ज कराया था। जिसमें बताया था कि 18 जनवरी 2023 को दोपहर करीब 12.30 बजे वह पुरानी गल्ला मंडी में केजीएन इंटरप्राइजेज पर नमूना संग्रह के लिए टीम के साथ पहुंचे थे। प्रतिष्ठान स्वामी ने अपना नाम अयाजउद्दीन बताया। उसकी दुकान पर खाद्य लाइसेंस प्रदर्शित नहीं था। टीम के मांगने पर भी व्यापारी खाद्य लाइसेंस नहीं दिखा सका।
दुकान से गगन पान मसाला के दो नमूने टीम द्वारा लिए गए। इसकी कीमत व्यापारी को टीम द्वारा अदा कर दी गई। इसके बाद टीम निरीक्षण के दौरान सैंपल के अभिलेख तैयार करने लगी। इसी बीच व्यापारी ने भीड़ इकट्ठा कर ली। व्यापार मंडल की भीड़ ने डरा धमकाकर बलपूर्वक टीम से खरीदे गए नमूने के पैकेट छीन लिए। व्यापारियों द्वारा सरकारी कार्य में व्यवधान डालकर खाद्य टीम को नमूना की कार्यवाही से वंचित किया गया।
परिवाद में यह भी आरोप है कि डरा धमकाकर खाद्य सुरक्षा अधिकारी के बैग में रखे अन्य सील बंद नमूने छीनकर क्षतिग्रस्त कर दिए। इस घटना को मौके पर कई लोगों ने देखा था। परिवादी द्वारा परिवाद के साथ घटनास्थल का वीडियो मय सीडी संलग्न करके न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। न्यायालय ने परिवाद दर्ज करते हुए दस आरोपियों को सम्मन जारी करते हुए एक अगस्त 2023 को हाजिर होने के लिए आदेशित किया था। लेकिन कोई भी आरोपी हाजिर नहीं हुआ। जिसके बाद अब वारंट जारी किए गए हैं।
ये बनाए गए हैं आरोपी
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के महामंत्री मोहल्ला मलिक अहमद निवासी शैलेंद्र अग्रवाल उर्फ शैली पुत्र हरनारायन अग्रवाल, मोहल्ला पंजाबियान निवासी अयाजउद्दीन पुत्र फैय्याजउद्दीन, शाहिद पुत्र इसरार अहमद, ताबिश अयाज पुत्र अयाजउद्दीन, मोईन उल हक शम्सी पुत्र फरीद उल हक शम्सी, मोहल्ला साहूकारा निकट शनिदेव मंदिर के निवासी संजय गुप्ता पुत्र बुद्धसेन गुप्ता, मोहल्ला पकड़िया निवासी अलाउद्दीन अंसारी पुत्र निजामुद्दीन अंसारी, मोहल्ला साहूकारा निवासी अंशुल अग्रवाल पुत्र शिव कुमार, मोहल्ला देशनगर निवासी जगदीश पुत्र भगवानदास, मोहल्ला शेखचांद निवासी निमित अग्रवाल पुत्र नरेंद्र अग्रवाल।
यह भी पढ़ें- पीलीभीत: कार्यदायी संस्था के कर्मचारी ने ही तोड़ दी दीवार..सीईओ को धमकाया
