पीलीभीत: कार्यदायी संस्था के कर्मचारी ने ही तोड़ दी दीवार..सीईओ को धमकाया
पीलीभीत, अमृत विचार। जल जीवन मिशन के तहत बनाई जा रही पानी की टंकी की बाउंड्री वॉल को काम कराने के लिए लगाए गए कार्यदायी संस्था के कर्मचारी ने ही तोड़ दिया। जिससे काफी नुकसान हुआ। इतना ही नहीं संस्था के अधिकारियों को मेसेज भेजकर अंजाम भुगतने की धमकी दी गई। पुलिस ने सीईओ से मिली तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की है।
दर्ज की गई रिपोर्ट में वीर कंप्लीट सोल्यूशन्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के सीईओ मनीष कुमार सिंह ने बताया कि उनकी कंपनी के द्वारा पानी की टंकी की बाउंड्री बॉल जल जीवन मिशन के तहत बनाई जा रही है। कंपनी के काम के लिए प्रतापगढ़ के रहने वाले उदय राज वर्मा को रखा गया था। कुछ समय बाद ही उक्त कर्मचारी की शिकायतें मिलना शुरू हो गई। जवाब तलब करने पर आरोपी द्वारा आश्वासन दिया गया था कि उसके द्वारा कोई कृत्य ऐसा नहीं किया जाएगा जिससे कंपनी का नाम खराब हो या फिर नुकसान हो। मगर कुछ समय बाद ही वह दोबारा कंपनी के साथ धोखाधड़ी व कार्य में अनियमितता बरतने लगा।
धनराशि का हिसाब मांगने पर टालता रहा। बुलाने पर भी नहीं आया। पानी की टंकी की बाउंड्री का सरकारी काम जिम्मेदारी के साथ शुरू कराया गया था। इसकी लागत करीब पांच लाख रुपये है। आरोप है कि 27 जुलाई को कंपनी के व्हाट्सएप ग्रुप पर आरोपी के द्वारा मेसेज भेजकर पैसे की मांग की गई। जिस पर तत्काल रुपये देने में असमर्थता जताई गई। जिसके बाद आरोपी ने दीवार तोड़ने और स्टील ले जाने की धमकी दे डाली। इसके बाद सरकारी योजना के तहत बनाई गई दीवार को अपने साथियों की मदद से ध्वस्त कर दिया। जिससे काफी नुकसान हुआ है। पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच में जुट गई है।
ये भी पढ़ें- पीलीभीत: महिला बोली- पति से दिलावाया तलाक और अब नहीं कर रहा शादी..पुलिस ने कराई पंचायत
