अयोध्या: 31 हफ्तों के कठोर प्रशिक्षण के बाद सेना में हुए शामिल 49 अग्निवीर
डोगरा रेजिमेंटल सेंटर में आयोजित हुई परेड, शपथ भी ली
अयोध्या, अमृत विचार। डोगरा रेजिमेंटल सेंटर में आयोजित एक प्रभावशाली परेड के दौरान 49 अग्निवीर सफलतापूर्वक भारतीय सेना में शामिल हो गए। ऐतिहासिक जमादार लाला परेड ग्राउंड में अग्निवीर हिम्मत सिंह के नेतृत्व में एक सुंदर और सरल औपचारिक परेड में 49 अग्निवीरों ने पवित्र अंतिम पथ द्वार के माध्यम से मार्च किया। परेड की समीक्षा मेजर जनरल रितु राज रैना, एसएम, बीएसएम द्वारा की गई और इस दौरान ब्रिगेडियर के रंजीव सिंह, वाईएसएम, कमांडेंट डोगरा रेजिमेंटल सेंटर और अन्य सैन्य तथा नागरिक गणमान्य उपस्थित रहे।
अग्निवीरों को 31 सप्ताह के कठोर प्रशिक्षण कार्यक्रम से गुजरना पड़ा, जिसमें शारीरिक फिटनेस, हथियार संचालन और सामरिक प्रशिक्षण शामिल था। परेड, सैनिकों के कौशल और क्षमताओं का प्रदर्शन था, क्योंकि उन्होंने एक साथ मार्च किया और हथियारों को संभालने में अपनी दक्षता का प्रदर्शन किया। युवा सैनिकों ने गर्व और समर्पण के साथ देश की सेवा करने और भारतीय सेना के मूल्यों को बनाए रखने की शपथ ली।
गर्व के क्षण, पहला कोर्स सेना में हुआ शामिल
यह कार्यक्रम डोगरा रेजिमेंटल सेंटर के लिए गर्व का क्षण था क्योंकि पहला अग्निवीर कोर्स डोगरा रेजिमेंट और भारतीय सेना में शामिल किया गया। डोगरा रेजिमेंटल सेंटर का देश सेवा का गौरवशाली इतिहास रहा है। पासिंग आउट परेड भारतीय सेना के लिए सर्वोत्तम सैनिकों को प्रशिक्षित करने और तैयार करने के प्रति डोगरा सेंटर की का प्रमाण था।
यह भी पढ़ें:-अयोध्या: मिशन इंद्रधनुष की जागरूकता को निकाली गई रैली, 7 अगस्त से तीन चरणों में होगा टीकाकरण
