अयोध्या: रविवार को विकास कार्यों का निरीक्षण और समीक्षा करेंगे मुख्य सचिव
अयोध्या, अमृत विचार। अयोध्या में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण करने के बाद रविवार को मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र रामकथा संग्रहालय में समीक्षा बैठक करेंगे। वह सुबह सरयू अतिथि गृह से निकलकर निर्माणाधीन पथों, गुप्तारघाट समेत जगह-जगह चल रहे कार्यों को देखेंगे। उनके प्रस्तावित दौरे के दौरान हनुमानगढ़ी और रामलला का दर्शन भी है।
मंडलायुक्त गौरव दयाल ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया है कि निरीक्षण स्थल पर पहुंचकर अपने-अपने विभाग के कार्यों का विवरण प्रस्तुत करें। तकरीबन 11:30 बजे रामकथा संग्रहालय में विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे।
मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र प्रात:काल से चौधरी चरण सिंह घाट अयोध्या एवं जेटी निर्माण हेतु चयनित स्थल, अयोध्या हाट, धर्मपथ, भजन संध्या स्थल, क्वीन हो मेमोरियल पार्क, रामपथ, गुजराती धर्मशाला, भक्ति पथ, टेढ़ीबाजार स्थित मल्टीलेवल कार पार्किंग-1 एवं 2, मोहबरा स्थित रेलवे उपरिगामी सेतु, बाग बिजेसी स्थल, अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन व कौशलेश कुंज स्थित मल्टीलेवल कार पार्किंग का निरीक्षण करेंगे।
इसके बाद अन्तर्राष्ट्रीय राम कथा संग्रहालय में पेइंग गेस्ट योजना के अन्तर्गत चयनित मकान मालिकों को सर्टिफिकेट वितरण करेंगे। समीक्षा बैठक के बाद ग्राम रामपुर हलवारा सोलर लाइन, अफीम कोठी, एयरपोर्ट, भरतकुण्ड व समदा झील का निरीक्षण करेंगे।
यह भी पढ़ें:-साहब! 3 साल में 17 बार की शिकायत, फिर भी नहीं मिला न्याय, सीआरओ के सामने छलका फरियादी का दर्द
