Etawah News : युवक की हत्या कर सड़क किनारे फेंका शव, पत्नी गिरफ्तार, छह साथी फरार, हत्या को हादसे का दिया रूप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

इटावा में युवक की हत्या कर सड़क किनारे फेंका शव।

इटावा में युवक की हत्या कर सड़क किनारे फेंका शव। पुलिस ने पत्नी को गिरफ्तार कर लिया। जबकि छह अन्य लोग मौके से फरार हो गए।

इटावा, अमृत विचार। सैफई के ग्राम पंचायत हैवरा के मजरा पुठिया निवासी युवक की हत्या कर शव को बैदपुरा थाना क्षेत्र में मैनपुरी रोड पर खड़े ट्रक के नीचे फेंककर आरोपी फरार हो गए। इस मामले में मृतक की पहली पत्नी और उसके छह अन्य साथियों के खिलाफ हत्या व शव फेंकने का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने पहली पत्नी को गिरफ्तार कर लिया। अन्य की तलाश जारी है।

ग्राम पुठिया निवासी रामू यादव 31 वर्ष पुत्र स्वर्गीय सौदान सिंह यादव शुक्रवार को दोपहर करीब तीन बजे अपनी मोटरसाइकिल से इटावा गया  था। रात करीब साढ़े सात  बजे उसका शव बैदपुरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत इटावा मैनपुरी रोड निकट स्व.दर्शन सिंह यादव के भट्टा के पास एक खड़े ट्रक के नीचे पड़ा पाया गया। इसकी जानकारी मिलने पर प्रभारी निरीक्षक विद्यासागर, इंस्पेक्टर क्राइम वीरेंद्र बहादुर यादव टीम के साथ मौके पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय सैफई में बने शव गृह में रखवाया।

घटना की सूचना पर मृतक के परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। हंगामा किया और नाम दर्ज लोगों पर हत्या कर हादसा दिखाने के लिए शव को फेंकने का आरोप लगाया। परिजनों ने कहा खड़े ट्रक में पीछे से किसी की टक्कर होती है तो उसके शरीर पर कई चोटें आती हैं। हमारे बेटे के शरीर पर कोई चोट नहीं है। उसका एक हाथ में चोट व दोनों पैर टूटे हुए हैं।

मुख्य बात है अगर हादसा घटनास्थल से मोटरसाइकिल गायब है। इससे स्पष्ट है हत्या करके शव यहां पर फेंका गया है। मृतक के परिजनों द्वारा घटनास्थल से लेकर थाना बैदपुरा व कांटेहार पेट्रोल पंप के पास तक इटावा मैनपुरी रोड पर सड़क के दोनों तरफ मोटरसाइकिल को ढूंढा गया, लेकिन वह नहीं मिली। आरोपी रात के अंधेरे में सड़क किनारे मोटरसाइकिल को फेंक कर भाग न जाए, इस आशंका पूरी रात परिजन घटनास्थल पर डटे रहे।

बताया गया कि मृतक की पहली पत्नी से काफी समय से संबंध अच्छे नहीं थे। एक सप्ताह पहले पत्नी की शिकायत पर रामू को थाना सैफई पुलिस ने शांतिभंग में गिरफ्तार किया था। घटना के आधा घंटा पहले नगला गुलाल थाना सैफई निवासी एक व्यक्ति ने रामू को टेलीफोन पर शाम सात बजे तक देख लेने की धमकी दी थी।

शनिवार को मृतक के परिवारीजन एवं रिश्तेदार बड़ी संख्या घटनास्थल पर पहुंचकर गिरफ्तारी मांग करने लगे। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ओमवीर सिंह, सीओ नागेंद्र चौबे, प्रभारी निरीक्षक विद्यासागर, एवं प्रभारी निरीक्षक सैफई मोहम्मद कामिल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों को आश्वस्त किया।

तहरीर के आधार पर मृतक की पहली पत्नी नारायण देवी, सुनील पुत्र राजेश कुमार निवासी नगला गुलाल थाना सैफई, गुरदीप पुत्र बलराम सिंह, बॉबी पुत्र नेम सिंह निवासी ग्राम नगला अतिवल एरवाकटरा औरैया और दो अज्ञात के खिलाफ हत्या के तहत मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम लगा दी गई है। शव का पोस्टमार्टम तीन डॉक्टरों के पैनल द्वारा कराया गया।

संबंधित समाचार