रुद्रपुर: राज्य कर विभाग ने टाइल्स कारोबारियों के कागजात जांचे
रेंट एग्रीमेंट, बिक्री एवं खरीद के विवरण, जीएसटी टैक्स समेत कई जानकारियां जुटाई
गत दिवस मंडलायुक्त ने छापा मारकर दिए थे कार्रवाई के निर्देश
रुद्रपुर, अमृत विचार। गत दिवस मंडलायुक्त दीपक रावत के रामपुर रोड पर टाइल्स की दुकानों पर छापा मारने और राज्य कर विभाग के अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश के बाद विभाग की टीम ने दुकानों की जांच की। इस दौरान टीम ने सात टाइल्स कारोबारियों के जीएसटी टैक्स समेत कई कागजातों की जांच की।
शनिवार को राज्य कर विभाग की टीम ने टाइल्स के दुकानदारों के रेंट एग्रीमेंट, रेंट कितना दिया जा रहा है, बिक्री एवं खरीद के विवरण, जीएसटी टैक्स पेमेंट, जीएसटी रिटर्न दाखिल किया जा रहा है या नहीं। साथ ही खरीद और बिक्री दर्शा रहे हैं या नहीं, इसकी जांच की। यह भी देखा गया कि दुकानदार ई-वे बिल से माल मंगा रहे हैं या नहीं।
उन्होंने बिक्री से संबंधित बिल बुक और बिलों की जांच की। जिन टाइल्स कारोबारियों ने जांच के दौरान कागजात नहीं दिखाए उनसे सोमवार को कागजात लेकर कार्यालय में उपस्थित होने को कहा है। अन्य टाइल्स की दुकानदारों की जांच भी की जाएगी। यहां बता कि शुक्रवार को कुमाऊं कमिश्नर ने देर सायं रामपुर रोड स्थित फाजपुर महरौला पहुंचे और सीलिंग की जमीन पर टाइल्स की दुकानों को देखकर नाराजगी जतायी।
इस दौरान उन्होंने पूर्व में जमीन से कब्जा हटाने को लेकर आदेशों में अब तक क्या कार्रवाई की गयी इसका जवाब मांगा। साथ ही संबंधित विभागों और जिला विकास प्राधिकरण को तत्काल दुकानदारों को नोटिस देने और अतिक्रमण को ध्वस्त करने के निर्देश दिये थे। इस अवसर पर राज्य कर विभाग के असिस्टेंट कमिश्नर मो. कासिम, राज्य कर अधिकारी प्रकाश त्रिवेदी, दिनेश चंद्र कांडपाल समेत पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
