संभल: प्रोविजनल स्टोर से 45 हजार की नकदी चोरी, दुकान की दूसरी मंजिल से लोहे की जाली काट नीचे उतरे थे चोर
बड़ा बाजार में दुकान में चोरी के बाद छानबीन करता दुकानदार।
संभल/चन्दौसी, अमृत विचार। कोतवाली क्षेत्र के बड़ा बाजार में चोरों ने प्रोविजनल स्टोर में दूसरी मंजिल पर जाली तोड़कर नीचे उतर आए और खंगाला किया। दुकान में गल्ले के ताले तोड़ 45 हजार रुपये की रकम निकाल कर रफूचक्कर हो गए। चोर दुकान से अन्य कोई सामान नहीं ले गए। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंच पुलिस ने पीड़ित दुकानदार से जानकारी की। घटना की तहरीर कोतवाली में दी गई है। शहर में आए दिन चोरी की घटनाएं होने से लोगों में दहशत व्याप्त है।
आवास विकास निवासी देवेंद्र अग्रवाल पुत्र लक्ष्मी नारायण की बड़ा बाजार में साईं प्रोविजनल स्टोर के नाम से दुकान है। शुक्रवार की रात 9.30 बजे वह दुकान बंद करके अपने घर चले गए। शनिवार की सुबह 10.15 बजे दुकान खोली तो काउंटर में बने दो गल्ले खुले हुए थे और उसमें रखी नकदी गायब थी। यह देख दुकानदार के होश उड़ गए। दुकान की दूसरी मंजिल पर जाकर देखा तो जाली का दरवाजा कटा हुआ था।
बताया कि शुक्रवार की रात चोर दुकान के सटे खंडरनुमा भवन से ऊपर चढ़ गए और दूसरी मंजिल पर पहुंचकर लोहे की जाली का दरवाजा तोड़ दिया। इसके बाद चोर जीने के रास्ते नीचे दुकान पर आ गए और काउंटर में बने गल्ले के ताले तोड़ दिए। उसमें रखी करीब 40 से 45 हजार रुपये की नकदी साफ कर दी।
चोरों ने दुकान से अन्य कोई सामान चोरी नहीं किया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने पहुंच दुकानदार से जानकारी की। घटना की तहरीर कोतवाली में दी गई है। जबकि शहर में आए दिन हो रही चोरी की घटनाओं से लोगों में दहशत का माहौल व्याप्त है।
ये भी पढ़ें:- संभल: कच्चा मकान गिरा, हादसे के वक्त बरामदे में बैठा था परिवार
