संभल: तीन दिन बाद दादरी स्टेशन पर टहलता मिला मासूम, मजदूरी कर रहे लोगों की ने परिजनों को दी सूचना
संभल/चन्दौसी, अमृत विचार। रेलवे स्टेशन के प्रतीक्षालय से लापता हुआ तीन वर्षीय मासूम विष्णु तीन दिन बाद गाजियाबाद जनपद के दादरी रेलवे स्टेशन पर टहलता हुआ मिला। कुछ लोगों ने उसे अपने पास रख लिया और परिजनों द्वारा फेसबुक पर डाली गई पोस्ट पर लिखे मोबाइल नंबर से संपर्क कर बच्चे के विषय में जानकारी की। इसके बाद परिजन शनिवार की रात दादरी पहुंचे और मासूम को लेकर मुरादाबाद जीआरपी पहुंचे। यहां जीआरपी ने जानकारी कर उन्हें चन्दौसी जीआरपी भेज दिया। यहां बच्चे को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
जनपद बदायूं के थाना उघैती क्षेत्र के गांव रियोनाई निवासी प्रमोद चंडीगढ़ जाने के लिए बुधवार की रात आठ बजे परिवार के साथ रेलवे स्टेशन पहुंचा। यहां प्रतीक्षालय में बैठकर ट्रेन का इंतजार करने लगा। रात नौ बजे उसके तीन वर्षीय बेटे विष्णु का अपहरण हो गया। स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरे में देखा तो एक 20 वर्षीय युवक मासूम विष्णु को ले जाता नजर आया।
इसके बाद पीड़ित पिता की तहरीर पर जीआरपी ने अज्ञात के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली और मासूम की खोजबीन को तीन टीमें गठित की गईं। पीड़ित प्रमोद के भाई कृष्णा ने बताया कि जीआरपी के साथ-साथ उनका परिवार भी खोजबीन कर रहा था। उसने अपनी फेसबुक पर विष्णु के लापता होने पर फोटो व अपना मोबाइल नंबर लिख दिया था। इसके बाद शनिवार की सुबह जनपद गाजियाबाद के दादरी के गांव सोमपुरा से फोन आया कि फेसबुक पर डाला गया फोटो से मिलता हुआ बच्चा हमें दादरी रेलवे स्टेशन पर मिला है।
बच्चे के मिलने की सूचना पर शनिवार की शाम चार बजे कृष्णा, प्रमोद व उसकी पत्नी सपना कुछ परिचितों के साथ दादरी के लिए रवाना हो गए। रात को दादरी पहुंचे और रात तीन बजे बच्चे को लेकर मुरादाबाद जीआरपी पहुंच गए। यहीं जीआरपी थाने पर परिजनों से जानकारी कर उन्हें चन्दौसी जीआरपी भेज दिया। जहां मासूम को परिजनों के सुपुर्द कर दिया। मासूम के चाचा कृष्णा दादरी में उनके गांव के पड़ोसी गांव कुंदन पट्टी के कुछ बटाई पर जमीन लेकर खेती करते हैं। उनके पास उन्हीं के पड़ोसी गांव कुंदन पट्टी के शिशुपाल मौर्य का फोन आया था। जिसने बच्चे मिलने की जानकारी दी थी।
मासूम को मां ने सीने से लगाया, लापरवाही नहीं बरतने की खाई कसम
चन्दौसी। जीआरपी थाने में चार दिन के बाद अपने माता-पिता से मिला मासूम काफी खुश लग रहा था। मासूम की मां सपना भी अपने पुत्र को सीने से लगाए हुए थी। उसने बताया कि अब वह अपने बच्चों के साथ कोई लापरवाही नहीं बरतेगी। उस दिन भी अगर मासूम पर नजर रखी होती, उसका अपहरण नहीं होता। पिता ने भी अपने बच्चों पर ध्यान देने की बात कही।
बालक के अपहरण के बाद जीआरपी पूरी तरह सक्रिय हो गई थी। जगह-जगह बालक व आरोपी को लेकर दबिश रही थी। सैकड़ों की संख्या में बालक के अपहरण होने के पोस्टर चस्पा कराए गए। अधिकांश जीआरपी थानों में बच्चे के अपहरण की सूचना व फोटो भेज दी गई थी। जिससे पकड़े जाने के डर कारण आरोपी बालक को दादरी रेलवे स्टेशन पर छोड़ कर फरार हो गया। आरोपी का पता लगाया जा रहा है।- केएन सिंह, थाना प्रभारी, जीआरपी
ये भी पढे़ं- संभल: लापता अधेड़ का सड़ी-गली हालत में मिला शव, फैली सनसनी
