बरेली: 55 हजार रुपये लेकर शिफ्ट कर दिया बिजली का पोल
विद्युत निगम में जमा नहीं किया पैसा, हरुनगला उपकेंद्र का मामला, जेई बोले- पैसा जमा होने के बाद शिफ्ट होगा पोल
बरेली, अमृत विचार। हरुनगला उपकेंद्र के स्टाफ ने 55 हजार रुपये लेकर जोगी नवादा में बिजली का पोल शिफ्ट कर दिया। यह पैसा निगम में जमा नहीं किया गया। लोगों ने मामले की शिकायत अधीक्षण अभियंता से की है। उन्होंने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। वहीं जेई रुपये लेने के आरोप को गलत बताया है। साथ ही पोल शिफ्ट होने से इनकार किया है।
जोगी नवादा के रहने वाले दर्जनों लोगों ने अधीक्षण अभियंता को शिकायती पत्र देकर बताया कि हरुनगला उपकेंद्र के कर्मचारियों ने 55 हजार रुपये लेकर जोगी नवादा इलाके में क्रिएशन पब्लिक स्कूल के सामने लगा एलटी पोल चार अप्रैल को तीन मीटर की दूरी पर शिफ्ट कर दिया। पोल शिफ्ट करने की कोई धनराशि विद्युत निगम में जाम नहीं की गई।
अधीक्षण अभियंता विकास सिंघल ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। जेई पंकज शर्मा का कहना है कि उपभोक्ता ने अभी पैसा भी जमा नहीं किए हैं। जमा करने के बाद ही पोल शिफ्ट किया जाएगा। पैसे लेने के आरोप पूरी तरह से गलत हैं।
ये भी पढ़ें- बरेली: SBI के शाखा प्रबंधक समेत तीन पर धोखाधड़ी की रिपोर्ट
