बदायूं: घर में घुसकर किशोरी से दुष्कर्म, रिपोर्ट दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बदायूं/उसहैत, अमृत विचार। किशोरी को अकेला पाकर एक युवक उसके घर में घुस गया और किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। किशोरी चिल्लाई तो पड़ोसी एकत्र हो गए। लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया। उसकी पिटाई लगा दी और पुलिस के हवाले कर दिया। किशोरी के भाई ने तहरीर दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।

थाना उसहैत क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसके पिता को आंखों की समस्या है। शनिवार को वह अपनी आंखों की दवा लेने के लिए आगरा गए थे। मां बड़ी बहन को दवा दिलाने के लिए निजी चिकित्सक के पास गई थी। परिवार के अन्य सदस्य अपने-अपने काम से गए थे। घर पर उनकी 15 वर्षीय छोटी बहन अकेली थी। 

मोहल्ले के एक युवक को उनकी बहन के घर पर अकेले होने की जानकारी हो गई। मौका पाकर वह घर में घुस आया। किशोरी का मुंह बंद करके उसके साथ दुष्कर्म किया। मुंह से हाथ हटते ही किशोरी चिल्लाने लगी। आवाज सुनकर पड़ोसी एकत्र होने लगे। आरोपी ने भागने की कोशिश की। ग्रामीणों ने दौड़ाकर उसे पकड़ लिया। जमकर पिटाई लगा दी। सूचना मिलने पर थाना उसहैत के प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र बहादुर सिंह गांव पहुंच गए। युवक को अपने साथ ले गए। युवक की तहरीर पर उसकी बहन के साथ दुष्कर्म करने वाले गुड्डू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। किशोरी का मेडिकल परीक्षण कराया गया है।

ये भी पढ़ें- बदायूं: वाहन की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौत, बेटा घायल

 

संबंधित समाचार