रायबरेली: एनटीपीसी की चौथी यूनिट भी हुई बंद, जानें वजह
ग्रिड के निर्देश पर एक दिन पहले बंद की गई थी तीन यूनिटें
ऊंचाहार, रायबरेली , अमृत विचार। बिजली की मांग कम होने के कारण एक दिन पहले बंद की गई एनटीपीसी की ऊंचाहार परियोजना की तीन यूनिटों के बाद रविवार की रात चौथी यूनिट भी तकनीकी खामी के चलते बंद कर दी गई है। इसी के साथ शनिवार रात बंद की गई यूनिट संख्या एक और दो को चालू कर दिया गया है।
रविवार की रात 210 मेगावाट क्षमता वाली एनटीपीसी की यूनिट नंबर चार में तकनीकी खामी आ गई है। जिसके कारण रात करीब तीन बजे इस यूनिट को बंद कर दिया गया है। परियोजना सूत्रों का कहना है कि यूनिट में आई तकनीकी खामी का सही पता भी नहीं चल पाया है। सोमवार सुबह से यूनिट में अधिकारी यूनिट में गड़बड़ी तलाशने में लगे हुए हैं।
ज्ञात हो कि शनिवार की रात ग्रिड द्वारा बिजली की मांग कम किए जाने के बाद 210 मेगा वाट प्रत्येक यूनिट क्षमता की यूनिट संख्या एक और यूनिट संख्या दो तथा 500 मेगावाट क्षमता वाली यूनिट संख्या 6 को बंद किया गया था। उसके बाद तकनीकी खामी के कारण 210 मेगावाट क्षमता वाली यूनिट नंबर 4 के बंद की गई है। एनटीपीसी की जनसंपर्क अधिकारी कोमल शर्मा ने बताया कि यूनिट नंबर 4 में तकनीकी खराबी आने के कारण उत्पादन प्रभावित हुआ है ।इस यूनिट को जल्द ही चालू कर दिया जाएगा।
चालू की गई दो यूनिटें
उत्तरी ग्रिड द्वारा बिजली की मांग घटाए जाने के बाद शनिवार की रात बंद की गई 210 मेगा वाट प्रत्येक यूनिट क्षमता की यूनिट संख्या एक और यूनिट संख्या दो को सोमवार की सुबह चालू किया गया है। दोनों यूनिटों को ग्रिड के नियंत्रक नॉर्दन रीजन लोड डिस्पैच सेंटर के निर्देश पर चालू किया गया है।
दोनों यूनिटों को प्रारंभिक प्रक्रिया के तहत आयल गन पर चलाया जा रहा है। सोमवार की देर शाम पूरे भार पर आ जाने के बाद दोनों यूनिटों को कोयला पर चलाया जाएगा। सोमवार की सुबह 11बजे यूनिट संख्या एक 92 मेगा वाट और यूनिट संख्या दो 96 मेगा वाट के भार पर चल रही थी। जबकि 500 मेगावाट क्षमता वाली यूनिट संख्या 6 अभी भी बंद चल रही है।
यह भी पढ़ें:-यह भी पढ़ें:-अखिलेश यादव का भाजपा पर तंज, कहा- विपक्ष के सांसद-विधायकों की सदस्यता छीनते-छीनते खुद शिकार हो गई
