बरेली: नशे की लत बुरी है...इतना सुनते ही भड़का बेटा, पिता पर झोंका फायर और दौड़ा दिया सड़क पर
बरेली, अमृत विचार। एक पिता को अपने नशेड़ी बेटे को नशा करने से रोकना भारी पड़ गया। बेटे ने बंदूक से अपने पिता पर फायर कर दिया। जिससे वह बाल-बाल बच गए। उसके बाद आरोपी बेटे ने पिता को सड़क पर ही दौड़ा दिया। पिता की तरफ से आरोपी बेटे के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। आरोपी बेटे की तलाश की जा रही है।
बता दें, इज्जतनगर के सनसिटी विस्तार निवासी भान सिंह ने बताया कि उनका बेटा स्पर्श सिंह को नशे की लत लग गई है। उसकी इस आदत से पूरा परिवार परेशान है। रविवार को वह स्पर्श को समझा रहे थे कि नशा बुरी आदत है। पिता की बात सुनकर बेटा स्पर्श भड़क गया। उसके कुछ देर के बाद बेटे ने घर में रखी डबल बैरल बंदूक निकाल कर जान से मारने के लिए पिता पर फायर झोक दिया।
इस दौरान किसी तरह भान सिंह ने अपनी जान बचाई और सड़क पर दौड़ लगा दी। इस दौरान उनका पीछा कर रहा बेटा उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गया। भान सिंह अपनी जान का खतरा बता कर थाने में पहुंचे और बेटे के खिलाफ जान से मारने की तहरीर दी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए उनके बेटे स्पर्श के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। पुलिस आरोपी बेटे की तलाश में जुटी है।
यह भी पढ़ें- बरेली: मीट कारोबारियों का वीडियो एडिट कर किया वायरल...अब पांच लाख की डिमांड, खुद को बताया भाजपा कार्यकर्ता
