हल्द्वानी: ऊपर सोता रहा परिवार, नीचे खाक में मिल गई दुकान
भारी बारिश की वजह से दुकान में लगी आग का नहीं लगा पता
सुबह 4 बजे धुंए की गंध से खुली आंख तो मचा इलाके में हड़कंप
हल्द्वानी, अमृत विचार। भारी बारिश के बीच लगी आग का एक परिवार को पता नहीं लगा। ऊपरी तल पर 8 लोगों का परिवार सोता और नीचे बनी दुकान रह-रहकर जलती रही। भोर में आग की खबर लगी तो परिवार और इलाके में कोहराम मच गया। आनन-फानन में सूचना पर पहुंची पुलिस और दमकल की टीम ने दुकान में लगी आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक लाखों रुपये का माल जलकर खाक हो चुका था।
जैम फैक्ट्री जवाहर नगर में रहने वाली सलमा परवीन यहां परिवार के 8 लोगों के साथ रहती हैं और घर के निचले तल पर बनी दुकान बेटी रुखसार परवीन के साथ मिलकर चलाती हैं। उन्होंने यहां फैशन हब के नाम से दुकान खोली है, जिसमें वह सिलाई-कढ़ाई के साथ रेडीमेड कपड़े भी बेंचती हैं।
सलमा की मानें तो रविवार की रात करीब 11 बजे उन्होंने दुकान बंद की थी। जिसके बाद परिवार के सभी सदस्यों ने खाना खाया और सो गए। देर रात तेज आवाज के साथ बारिश शुरू हो गई और इसी दरम्यान दुकान में आग लग गई, लेकिन परिवार को इसकी भनक तक नहीं लगी।
सुबह 4 बजे नीचे दुकान में लगी आग से उठता धुंआ जब कमरे तक पहुंचा तो लोगों की आंख खुली। नीचे देखा तो हड़कंप मच गया। आनन-फानन में इसकी सूचना पुलिस और दमकल को दी गई। कुछ ही देर में पुलिस और दमकल मौके पर पहुंच गई। जिसने कुछ देर की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। सलमा की मानें तो आग की वजह से करीब 6 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
