बरेली: विदेश में भाइयों को छह दिन में राखी पहुंचाएगा डाक विभाग
राखी भेजने वालों को घोषणा करनी होगी कि लिफाफे के अंदर सिर्फ राखी है
बरेली, अमृत विचार। डाक विभाग विदेश में रहने वाले भाइयों तक छह दिन में राखी पहुंचाएगा। राखी भेजने वालों को इसकी घोषणा करनी होगी कि लिफाफे के अंदर सिर्फ राखी है। इसपर कस्टम विभाग बिना जांच किए राखी विदेश जाने की अनुमति देगा। इन दिनों बहनें सबसे अधिक राखी जर्मनी, इंग्लैंड और आस्ट्रेलिया भेज रही हैं। अलग-अलग देश में राखी भेजने के लिए अलग शुल्क लिया जाता है। जर्मनी में राखी भेजने के लिए 870 शुल्क देना पड़ता है।
डाक विभाग ने देश में भी राखी भेजने के लिए विशेष व्यवस्था की है। राखी भेजने के लिए वाटर प्रूफ लिफाफे सभी डाकघरों में उपलब्ध करा दिए गए हैं। जिसकी कीमत दस रुपये है। लिफाफे के ऊपर डाक टिकट अलग से लगाना पड़ता है। जिस लिफाफे के ऊपर राखी लिखा होगा, उसके लिए अलग बैग बनाया जाएगा। देश के दूर दराज क्षेत्रों में भेजने के लिए राखी वाला बैग सीधे दिल्ली भेजा जाएगा। दिल्ली से हवाई मार्ग द्वारा गंतव्य स्थान के नजदीक
हवाई अड्डे तक पहुंचाया जाएगा।
प्रवर डाक अधीक्षक अमित दत्त ने बताया कि इन दिनों राखी विदेश भेजने वालों की संख्या अधिक है। विदेश में छह दिन में राखी पहुंचाने की व्यवस्था की गई है। मंगलवार से बाहर से आने वाली राखी के लिफाफों की संख्या भी बढ़ जाएगी। आवश्यकता होने पर छुट्टी वाले दिन भी राखी का वितरण कराया जाएगा। डाकियों को भी समय पर डाक भेजने के निर्देश दिए गए हैं ।
ये भी पढ़ें- बरेली: शिक्षिका की पिटाई से छह दिन ICU में भर्ती रही हाईस्कूल की छात्रा, SSP से शिकायत
