बरेली कॉलेज में पहली मेरिट में शामिल छात्रों को एक और मौका
अब मंगलवार तक ऑनलाइन प्रवेश ले सकेंगे छात्र, 960 ने लिया प्रवेश
बरेली, अमृत विचार। बरेली कॉलेज में स्नातक बीए, बीएससी और बीकॉम की पहली मेरिट में शामिल छात्रों को प्रवेश का एक दिन का और मौका दिया है। प्राचार्य प्रो. ओपी राय ने बताया कि छात्र मंगलवार शाम 5 बजे तक पोर्टल पर ऑनलाइन प्रवेश ले सकेंगे। इसके बाद दूसरी मेरिट जारी की जाएगी। सोमवार तक पहली मेरिट में शामिल 960 छात्रों ने प्रवेश लिया था।
मुख्य प्रवेश नियंत्रक प्रो. वंदना शर्मा ने बताया कि मेरिट में शामिल छात्रों को पहले दिन प्रवेश के दौरान तकनीकी दिक्कतें हुई थीं। विश्वविद्यालय का पोर्टल भी अपडेट होने की वजह से कुछ घंटे बंद रहा था। इसकी वजह से कई छात्र प्रवेश लेने से रह गए। यही वजह है कि अब छात्रों को एक दिन का और मौका दिया गया है। इसके बाद दूसरी मेरिट जारी की जाएगी। उन्होंने बताया कि पहली मेरिट में करीब 1500 छात्रों को शामिल किया गया था। जिसमें से 960 छात्रों ने प्रवेश ले लिया। प्रवेश लेने वाले छात्रों को 18 अगस्त से कार्यालय में सीसी, टीसी और फीस रसीद जमा करनी होगी। अन्य किसी जगह दस्तावेज जमा न करें।
बीबीए की दूसरी मेरिट जारी
बरेली कॉलेज ने वित्त पोषित पाठ्यक्रमों की बीबीए प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश के लिए दूसरी मेरिट सोमवार को जारी कर दी। मेरिट के अनुसार ओपन की 75.100 से 71.984, सामान्य महिला-71.779 से 64.561, ओबीसी-71.779 से 67.485, ओबीसी महिला-67.485 से 64.056, एससी-71.370 से 54.418, एससी महिला-सभी, एसटी-सभी, ईडब्ल्यूएस-70.080 से 47.284 कटऑफ गई है। डीएफ, पीएच और एफएफ-सभी को शामिल किया गया है। छात्रों को 8 और 9 अगस्त को विभाग में पहुंचकर प्रवेश लेना होगा।
ये भी पढ़ें- बरेली: लखनऊ मंडल में काम के कारण मुरादाबाद मंडल में 16 ट्रेनें निरस्त
