निर्माण एजेंसी का खिलौना बनी अयोध्या जाने वाली सड़क, पहले तोड़ी फिर बनाई, अब फिर खोद डाली

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या, अमृत विचार। अयोध्या में बह रही विकास की बयार के बीच निर्माणाधीन रामपथ का जो हाल है सो तो है ही, वहीं निर्माण एजेंसी के लिए सड़क खिलौना बन गई है। पहले सड़क काट दी फिर एक महीने बाद किसी तरह बनाई गई और अब मंगलवार को फिर खोद दी गई। नतीजा गुदड़ीबाजार से साहबगंज होकर अयोध्या जाने का सीधा रास्ता पुन: ब्लाक हो गया है। जिसके कारण लोगों को चौक से वाया रीडगंज होते हुए अयोध्या आना - जाना पड़ रहा है।
   
निर्माणाधीन रामपथ पर जून के अंतिम सप्ताह में रात में खवासपुरा नाले में पानी के उफान के चलते आनन-फानन में जेसीबी से सड़क काट दी गई थी। जुलाई भर सड़क का काटा गया हिस्सा जस का तस पड़ा रहा और लोगों को दुश्वारियां झेलते हुए गुदड़ीबाजार से चौक या राठहवेली से होकर अयोध्या की ओर आना जाना पड़ा। 

एक माह तक यही स्थिति रही इधर सप्ताह भर पहले जैसे तैसे सड़क को मिट्टी पाट कर बनाया गया। जिससे लोगों को सीधा रास्ता सुलभ हुआ लेकिन सोमवार देर शाम फिर जेसीबी लगा कर सड़क खोद डाली गई है। जिन्हें नहीं जानकारी हुई वह आकर मंगलवार को घंटों फंसे रहे।

बड़ी मुश्किल से घूम कर चौक होकर आवागमन शुरू हुआ। बिना किसी पूर्व सूचना के सड़क खोदाई को लेकर आसपास के लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि निर्माण एजेंसी की यह तुगलकी नीति समझ से परे है। इतना ही नहीं सड़क खोदाई से निकली टनों मिट्टी दो सौ मीटर के दायरे में ही फैला दी है। बारिश के कारण पूरी सड़क मिट्टी से लथपथ हो गई है। 

सड़क के दोनों ओर रहने वाले लोगों का आवागमन दुरुह हो गया है। निर्माण एजेंसी के इंजीनियर प्रदीप शुक्ला से जब बात की गई तो उन्होंने कहा कि सड़क खोदे जाने की जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा संभवतः पाइप लाइन दुरुस्त करने के लिए कुछ हिस्सा काटा गया हो, पूछ कर बता सकते हैं। वहीं जलकल की जेई शशिकला का कहना है कि पाइप लाइन बनाने के लिए पूरी सड़क नहीं काटी जाती अन्य कोई बात होगी।

यह भी पढ़ें:-अयोध्या: शासन के 19 पैरामीटर में खरे नहीं उतरे परिषदीय विद्यालय, बेमानी बना है आदेश

संबंधित समाचार