Kanpur: अपराध बड़े पर पुलिस के हाथ अभी भी खाली, हाईटेक व्यवस्थाएं साबित हो रही कागजी, इन वारदातों के खुलासे नाकाम
कानपुर में इन वारदातों के अभी तक खुलासे नहीं हो सके।
कानपुर कमिश्नरेट में बड़े-बड़े अपराध पर पुलिस के हाथ खाली है। सारी हाईटेक व्यवस्थाएं कागजी साबित हो रही। अभी भी इन वारदातों के खुलासे तक नहीं हो सके।
कानपुर, अमृत विचार। कानपुर कमिश्नरेट में हत्या, लूट व चोरी जैसी कई बड़ी घटनाओं के खुलासे में पुलिस की टीमों को सफलता नहीं मिल पा रही है। अपराधियों को दबोचने की सारी हाईटेक व्यवस्थाएं कागजी साबित हो रही हैं। पुलिस का सूचना तंत्र भी फेल है। यही वजह है, कि हत्या, लूट व चोरी की कई बड़ी वारदात में पुलिस महीनों बाद भी खाली हाथ है। फाइलों पर धूल की परतें चढऩा शुरू हो गई है।
केस-1- बैंक में सुरंग बनाकर 99 लाख का सोना चोरी
23 दिसंबर 2022 को थाना सचेंडी क्षेत्र में भौंती हाईवे पर स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के बगल में खाली प्लॉट में करीब 10 फीट गहरी और लंबी सुरंग खोदी गई थी। वहां से बैंक के स्ट्रांग रूम तक पहुंचने का रास्ता बनाया गया था। स्ट्रांग रूम में दाखिल हुए शातिर वहां रखे गोल्ड चेस्ट के पास पहुंच गए थे। इसके बाद लॉकर तोडक़र उसके अंदर रखा 99 लाख रुपये का सोना चुराकर फरार हो गए थे। वारदात के बाद दो थानेदार और एसीपी भी बदल गए। सीसीटीवी फुटेज भी मिला, लेकिन आठ महीने बाद भी खुलासा नहीं हो पाया। इस बीच एक गुमनाम पत्र भी पुलिस कमिश्नर बीपी जोगदंड के पास पहुंचा था,. जिसमें कई लोगों का नाम लिखा था, आरोप था, कि उन्हीं लोगों ने वारदात को अंजाम दिया। लेकिन जांच में पत्र फर्जी निकला।
वर्तमान स्थिति : खाली हाथ, केवल जांच की बात।
केस 2- लोहा कारोबारी की हत्या कर पांच लाख लूटे
10 मई 2023, थाना चकेरी थानाक्षेत्र के गांधीग्राम में बाइक सवार तीन बदमाशों ने 50 वर्षीय लोहा कारोबारी संजय गौड़ को दुकान में घुसकर गोली मार दी थी। इसके बाद गल्ले से पांच लाख रुपये नकद लूटकर फरार हो गए थे। कारोबारी की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर हत्या, लूट व अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। कर्मचारियों ने पुलिस को बताया था कि संजय दुकान में मुनीम सुजीत पाल और उत्तम अवस्थी के साथ रुपये का लेखाजोखा कर रहे थे। तभी एक बाइक से तीन नकाबपोश बदमाश दुकान के बाहर पहुंचे थे। सभी को बंधक बनाया और वारदात को अंजाम दिया था। लगभग चार महीने बीतने वाले हैं, लेकिन पुलिस को कोई सुराग नहीं मिला। हालांकि, बाइक सवार बदमाशों के चेहरे चिन्हित हुए थे, लेकिन चकेरी थानेदार के बदलने के बाद मामला शांत हो गया। परिवार वाले आए दिन खुलासे के लिए व्यापारियों के साथ पुलिस कमिश्नर के पास पहुंचते है, जहां उन्हें केवल आश्वासन मिलता है।
वर्तमान स्थिति : दो महीने बाद भी कोई सुराग नहीं, जांच जारी
केस 3: हुंडई शोरूम से 10 लाख की चोरी
6 जुलाई 2023, थाना महाराजपुर के रूमा के पास स्थित हुंडई शोरूम में बदमाशों ने ताला तोड़कर तकरीबन 10 लाख रुपये की चोरी की घटना को अंजाम दिया था। इस मामले में जांच में यह सामने आया था कि वारदात को अंजाम देने वाले दो थे, लेकिन बाद में स्थिति साफ हुई कि वह पांच शातिर थे। अभी तक बदमाश पकड़े नहीं गए। डीसीपी पूर्वी के निर्देश पर लगातार एसीपी इस मामले की जांच कर रहे हैं, लेकिन कोई खास कड़ी नहीं ढूंढ सकी है।
वर्तमान स्थिति : सीसीटीवी खंगालने का दावा लेकिन खुलासा नहीं।
केस 4: तीन बोरों में पांच टुकड़ों में मिला था शव
17 जून 2023: थाना कर्नलगंज में तीन बोरों में 5 टुकड़ों में शव मिला था। इस सनसनीखेज वारदात को हल करने के लिए पुलिस की कई टीम और तेज तर्रार पुलिस कर्मी लगाए गए लेकिन कुछ पता नहीं चल सका। वारदात को अंजाम देने वालों ने हत्या करने के बाद शव के कई टुकड़े बोरी में भरकर पुलिस कमिश्नर आवास के पास छोड़ दिए थे। आस पास लगे तमाम सीसीटीवी की फुटेज चेक की गई लेकिन एक ई रिक्शा के अलावा दूसरा कोई सुराग नहीं लगा। हाईटेक और सारी व्यवस्था ऑनलाइन होने के बाद भी पुलिस अभी तक शव की शिनाख्त नहीं कर पाई।
वर्तमान स्थिति : दो माह में शिनाख्त नहीं कर पाई पुलिस
जिन मामलों के खुलासे नहीं हो सके हैं, उनकी नए सिरे से जांच कराई जा रही है। कुछ मामलों में टीमें खुलासे के करीब हैं।- बीपी जोगदंड, पुलिस कमिश्नर
