कालाढूंगी: निहाल नदी उफनाने से घरों में घुसा मलबा और पानी
कालाढूंगी, अमृत विचार। मूसलाधार बारिश के चलते क्षेत्र के नदी नाले उफान पर आ गये। चकलुवा में निहाल नदी उफान पर आ गई। इसमें विद रामपुर, गुलजारपुर राम सिंह क्षेत्र के ग्रामीणों के घरों में मलबा व पानी घुस गया। कई ग्रामीणों का पका हुआ भोजन, अनाज, भूसा, बिस्तर, बर्तन बह गये।
नाले के किनारे रहने वाले परिवार के 4 सदस्य हरिओम उप्रेती, दयाशंकर, किरन देवी व उनकी पांच साल की बेटी घर में फंस गए। ग्रामीण मनमोहन बसेड़ा, गोविन्द बसेड़ा व विपिन छेत्री ने बच्ची सहित तीन लोगों को सुरक्षित निकाला। क्षेपंस विरेन्द्र कुमार ने बाढ़ की सूचना एसडीएम व तहसीलदार को दी।
एसडीएम रेखा कोहली, तहसीलदार प्रियंका रानी ने अधिकारियों के साथ प्रभावित क्षेत्र का बुधवार दिन में मौका मुआयना कर ग्रामीणों को राहत किट व चेक बांटे। कालाढूंगी में मेथीसाह नाला, बैलपड़ाव में करकट नाला, कोटाबाग में गुरुडी नाला, बैलपोखरा में बलियागाड़ नाला उफान पर आ गए। वन निगम के पास नाले से गुलजारपुर बंकी संपर्क मार्ग पूरा बह गया। कालाढूंगी में मेथीसाह नाला में छोटी हल्द्वानी संपर्क मार्ग जगह-जगह से बह गया है। तेज हवा के साथ हो रही बारिश से क्षेत्र में कई जगह पेड़ों की टहनियां टूट गईं हैं।
नैनीताल-कालाढूंगी मार्ग मलबा आने से अवरुद्ध
कालाढूंगी। भूस्खलन से नैनीताल-कालाढूंगी मार्ग अवरुद्ध हो गया। थानाध्यक्ष नंदन सिंह रावत ने बताया कि प्रियाबैंड के पास मलबा आ गया है। इसके बाद पुलिस ने नैनीताल तिराहे से ऊपर जाने वाले वाहनों को रोक दिया।
कालाढूंगी-हल्द्वानी मार्ग पर लगा जाम
कालाढूंगी। मंगलवार की रात को हुयी मूसालाधार बारिश से निहाल नदी का रूख बदल जाने से कालाढूंगी-हल्द्वानी मार्ग आ जाने से रात से यातायात बाधित हो गया। रात आठ बजे से नौ बजे तक वाहनों का लंबा जाम लग गया। बुधवार को सुबह मौके पर न तो पुलिस विभाग न ही वन विभाग मौजूद था। मौके पर युवाओं ने ही मोर्चा संभालकर वाहनों को एक-एक नाला पार कर यातायात सुचारू किया।
