संभल: ब्लॉक अध्यक्ष पिटाई प्रकरण में गरजे किसान, भाकियू टिकैत की महापंचायत जोरशोर से उठाया मुद्दा
एसडीएम संग बैठक 17 को,सीओ ने मामले में उपनिरीक्षक और सिपाही पर कार्रवाई का आश्वासन दिया
संभल/जुनावई, अमृत विचार। भारतीय किसान यूनियन टिकैत के बैनर तले हुई महापंचायत में पुलिस पर ब्लॉक अध्यक्ष को पीटने मामले में शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं होने का मुद्दा जोरशोर से उठाया गया। भाकियू नेताओं ने कहा कि किसानों का उत्पीड़न किसी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सीओ ने मारपीट के मामले में उपनिरीक्षक और सिपाही पर कार्रवाई का आश्वासन दिया। दोनों को सीओ कार्यालय से संबद्ध कर दिया गया। जबकि एसडीएम ने 17 अगस्त को बैठक कर अन्य समस्याओं का समाधान कराने की बात कही।
भाकियू टिकैत के प्रदेश प्रमुख एवं पश्चिमी उत्तर प्रदेश महासचिव विजेंद्र सिंह यादव के नेतृत्व में पांच सूत्रीय मांगों को लेकर महापंचायत का आयोजन हुआ। जिसमें सैकड़ों किसान ट्रैक्टर ट्रालियों और अन्य वाहनों से बदायूं-मेरठ हाईवे पर जुनावई थाने से करीब 100 मीटर दूर महापंचायत स्थल पर पहुंचे। भाकियू नेताओं ने बुलडोजर पर बैठकर प्रदर्शन किया। महापंचायत में भाकियू नेता विजेंद्र सिंह यादव ने कहा कि किसानों का उत्पीड़न किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेंगे। अन्याय के खिलाफ किसानों के कंधे से कंधा मिलाकर लड़ाई लड़ी जाएगी। कहा कि ब्लॉक अध्यक्ष नेत्रपाल यादव की थाने में तैनात उप निरीक्षक और कांस्टेबल ने 16 जुलाई को पिटाई की। अधिकारियों से शिकायत करने पर भी कार्रवाई नहीं की गई। आज भी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो संगठन बड़ा आंदोलन करने के लिए मजबूर होगा। चाहें महापंचायत स्थल पर ही चूल्हे जलाकर खाना बनाना पड़े।
दिया एक घंटे का समय तो पहुंचे अफसर
संभल अमृत विचार : महापंचायत के दौरान तहसील प्रशासन को एक घंटे का समय दिया गया। कहा कि अधिकारी यहां आकर समस्याओं का समाधान करेंगे तो महापंचायत समाप्त की जाएगी। एसडीएम रमेश बाबू और सीओ आलोक कुमार सिद्धू मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने भाकियू के एक दर्जन से अधिक पदाधिकारियों के साथ वार्ता की। सीओ ने उपनिरीक्षक कपिल कुमार और कांस्टेबिल दिनेश कुमार पर कार्रवाई का आश्वासन दिया। जिसके बाद अधिकारी महापंचायत स्थल पर भी पहुंचे। कहा कि किसान अपने निजी कार्य के लिए मिट्टी लेकर जाएगा तो उसे पुलिस द्वारा परेशान नहीं किया जाएगा। एसडीएम ने कहा कि विद्युत विभाग, स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग से संबंधित समस्याओं और छुट्टा पशुओं के मुद्दे को लेकर 17 अगस्त को गुन्नौर में अधिकारियों के समक्ष वार्ता होगी। समस्याओं का समाधान कराया जाएगा।
किसानों में नजर आया उत्साह
संभल अमृत विचार : महापंचायत में भाकियू नेताओं के तेवर देखकर किसान भी जोश में नजर आए। गर्मी के माहौल के बावजूद तमाम किसान महापंचायत स्थल पर डटे रहे। ब्लॉक अध्यक्ष को पीटने के मामले में कार्रवाई को लेकर किसानों ने जीत बताया। इस दौरान मंडल अध्यक्ष युवा वीरेश यादव, जिलाध्यक्ष मानपाल सिंह, जिला उपाध्यक्ष नीरज, युवा जिलाध्यक्ष दिनेश यादव, तहसील अध्यक्ष अमर सिंह राजपूत, ब्लॉक अध्यक्ष नेत्रपाल यादव, ब्लॉक संगठन मंत्री पंकज यादव, मंडल सचिव युवा मुकेश यादव, संगठन मीडिया प्रभारी केपी यादव, दिनेश यादव आदि रहे।
ये भी पढ़ें:- फेसबुक के इस्तेमाल से मानसिक स्वास्थ्य के नुकसान के कोई साक्ष्य नहीं, अध्ययन में दावा
