रामपुर में मिड डे मील में निकली पकी हुई छिपकली, छात्रा की हालत बिगड़ी...जमकर हुआ हंगामा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

एनजीओ की लापरवाही: दाल के साथ पका दी छिपकली, फेंकवाया गया सारा खाना, सूचना के बाद मौके पर पहुंची, खाता नगरिया गांव में स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय का मामला

रामपुर, अमृत विचार। परिषदीय स्कूलों में दिए जाने वाले मध्यांतर भोजन में परोसी गई दाल में छिपकली निकलने से बच्चों में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची एसडीएम ने घटना की जानकारी ली। स्कूली बच्चों का हालचाल जाना। इस दौरान काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

गुरुवार को क्षेत्र के खाता नगरिया गांव में स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय में बच्चों को मध्यांतर में दिए जाने वाले भोजन में उर्द की दाल व चपाती परोसी गई थी। परोसने से पहले विद्यालय की प्रधानाध्यापक व अन्य शिक्षकों ने भोजन को चखा था। सभी बच्चे मिड डे मील खाने के लिए टोलियां बनाकर बैठे थे। जैसे ही पहली टोली के आठ बच्चों को भोजन परोसा गया, तो एक बच्ची की कटोरी में छिपकली आ गई। बच्ची ने जैसे ही रोटी का टुकड़ा कटोरी में डाला तो रोटी के साथ छिपकली आ गई। जिसकी पूंछ रोटी के टुकड़े पर लटक रही थी। छिपकली की पूंछ देख बच्ची की चीख निकल गई।

शिक्षिकाओं ने बच्ची से चीख का कारण पूछा तो उसने रोटी पर लटकती छिपकली की पूंछ दिखायी। दाल में पकी हुई छिपकली देख प्रधानाध्यापक सहित सभी शिक्षिकाओं के होश उड़ गए। प्रधानाध्यापक ने बच्चों को भोजन परोस रहे एनजीओ कर्मचारी को छिपकली दिखाई और पूरे प्रकरण को अपने मोबाइल में कैद कर लिया। प्रधानाध्यापक ने छिपकली वाली दाल की कटोरी को संभाल कर रख दिया गया। दाल में छिपकली देख सभी बच्चों ने एकाएक भोजन करना छोड़ दिया।

इस दौरान बच्चों का मन फीका पड़ गया। उल्टियां करने लगे, जिस बच्ची की कटोरी में छिपकली निकली उसकी हालत बिगड़ गई। आनन-फानन में मिड-डे मिल में आई दाल और चपातियों को फेंकवा दिया गया। सूचना पर बच्चों के अभिभावक विद्यालय में पहुंच गए। छिपकली देख उनका पारा चढ़ गया। स्कूल में जमकर हंगामा किया। हंगामा देख शिक्षकों ने स्कूल की छुट्टीकर दी। सभी बच्चों को उनके घर भेज दिया। सूचना पर एसडीएम मोनिका सिंह गांव पहुंची। उन्होंने विद्यालय की शिक्षिकाओं से घटना की पूरी जानकारी हासिल की।

शाहबाद से बनकर आता मिड डे मील
मिलक पालिका क्षेत्र में प्रतिदिन 13 परिषदीय स्कूलों में एक संस्था द्वारा मध्यांतर भोजन वितरित किया जाता है। संस्था द्वारा शाहबाद तहसील क्षेत्र में भी मध्यांतर भोजन वितरित कराया जाता है। इस कारण मिलक में वितरित किए जाने वाला भोजन भी शाहबाद तहसील क्षेत्र में पकाया जाता है। प्रतिदिन शाहबाद से मिलक लाकर मिड डे मील बच्चों को परोसा जाता है।

चावल की जगह परोसी गई चपातियां
मीन्यू के अनुसार गुरुवार को मिड डे मील में बच्चों को दाल चावल खिलाया जाना था, लेकिन संस्था द्वारा दाल और चपातियां परोसी गईं। इसमे बच्चों के साथ खिलवाड़ किया जाता है। बच्चों को अच्छी तरह से भोजन तक नहीं मिल रहा है। शासन के निर्देश को हवा में उड़ाया जा रहा है।

पालिका क्षेत्र के 13 परिषदीय स्कूलों में एनजीओ द्वारा मध्यांतर भोजन उपलब्ध कराया जाता है। गुरुवार को खाता नगरिया गांव में मिड डे मिल में छिपकली निकलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंच कर मामले की जानकारी ली गई। मिड डे मील का सेवन करने वाले सभी अध्यापक व बच्चे सकुशल और स्वस्थ हैं। मॉनिटरिंग के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम को गांव में तैनात कर दिया गया है। - मोनिका सिंह, एसडीएम, मिलक।

मिड डे मील परोसने के दौरान एक छात्रा की कटोरी में छिपकली पायी गई जोकि दाल के साथ पकी हुई प्रतीत हो रही थी। बच्चों को मिड डे मील परोसने से पहले स्कूल के समस्त स्टाफ ने भोजन का सेवन किया था। मौके पर मिड डे मील परोस रहे एनजीओ कर्मचारी को छिपकली दिखाई गई थी। - शकुंतला, प्रधानाध्यापक।

ये भी पढ़ें : रामपुर : निजी अस्पतालों में मौत का नंगा नाच, अब मिलक में नवजात ने तोड़ा दम, जमकर हंगामा...देखिए VIDEO

संबंधित समाचार