रक्षाबंधन में मंहगाई की मार से बाजार की रंगत फीकी, दुकानों पर पसरा सन्नाटा
सीतापुर, अमृत विचार। सावन के महीने में मंहगाई के चलते इस बार बाजार की रंगत फीकी है। इस कारण दुकानों पर सन्नाटा पसरा हुआ है। कुछ लोग ही खरीदारी की ओर अपना रुख कर रहे हैं। सर्राफा जगत से लेकर कपड़ों की बिक्री में भारी गिरावट देखने को मिली है।
सावन मास में पड़ने वाले त्योहार रक्षाबंधन हरियाली तीज को कुछ दिन ही शेष रह गए हैं। बावजूद इसके सीतापुर की मशहूर लाल बाग मार्केट में सन्नाटा पसरा हुआ है। कपड़ों की दुकानों से लेकर सोने चांदी के दुकान दार ग्राहकों का इंतजार करते दिखाई दे रहे हैं। कमर तोड़ महंगाई की मार साफ दिखाई दे रही है। आलम यह है कि आम आदमी खरीदारी करने से कतरा रहे हैं।
बोले दुकानदार - महंगाई का बहुत ज्यादा असर है
गुरुवार को अमृत विचार ने शहर के लालबाग बाजार की पड़ताल की तो दुकानदारों ने बताया कि पिछले वर्ष की अपेक्षा इस बार बीस प्रतिशत तक बिक्री में गिरावट आई है। गोविन्द ज्वेलर्स के संचालक आशीष बताते हैं कि सावन लगते ही सोने और चांदी के जेवर बिकने शुरू हो जाते थे। इस बार बिक्री में काफी गिरावट आई है। उन्होंने बताया कि इस महीने में सबसे ज्यादा पायल और बिछिया की बिक्री होती है। परंतु इस बार तो बहुत कम ग्राहक सोने चांदी के आभूषण खरीद रहे हैं। यह हाल कपड़ा बाजार का है। लहंगा और साड़ी की बिक्री में काफी कमी आई है। लोगों का कहना है कि पिछले वर्ष की अपेक्षा इस वर्ष आटा, मैदा, चीनी, तेल सहित अन्य खाद्य सामग्री की कीमतों में कई फीसद की बढ़ोतरी हो गई है। जिससे मध्यम वर्गीय लोग सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं।
ये भी पढ़ें -अयोध्या : बाढ़ के पानी से घिरे पूराबाजार के 18 गांव, दो गांवों में घुसा पानी
