अनुज हत्याकांड : सहमे प्रत्यक्षदर्शी बोले- पहली बार देखी ऐसी मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बिना नंबर की बाइक से हमले के 20 मिनट पहले सोसाइटी में घुसे थे हमलावर

पाकबड़ा नया मुरादाबाद की पार्श्वनाथ प्रतिभा सोसाइटी में पसरा सन्नाटा।

सुनील तोमर,अमृत विचार। पार्श्वनाथ प्रतिभा सोसाइटी में भाजपा नेता अनुज चौधरी की हत्या के बाद शुक्रवार को कोई खास चहल-पहल नहीं रही। दोपहर को दूर-दूर तक सोसाइटी में फ्लैट से बाहर कोई व्यक्ति नजर नहीं आ रहा था। गेट पर भी कोई हलचल नहीं थी। शाम छह बजे के दौरान फ्लैट के बाहर कुछ बच्चे जरूर दिखे लेकिन, कोई भी पुरुष-महिला वॉक करते नहीं दिखा।

सोसाइटी परिसर में रोजाना अंदर अनुज व उनका दोस्त पुनीत और जोसेफ वॉक कर रहे थे। अनुज को हमलावरों ने पुनीत और जोसेफ के सामने ताबड़तोड़ फायरिंग कर मौत के घाट उतारा। घटना के दौरान अनुज पुनीत व जोसेफ से सबसे बाएं थे। पुनीत बीच में और जोसेफ दाएं था। अनुज व पुनीत बिल्कुल पड़ोस में और जोसेफ इनके दाएं कुछ फासले पर था। गोली की आवाज और अनुज को सड़क पर गिरता देख जोसेफ अपने को सुरक्षित कर दूर भागे और दौड़ते हुए इंट्री गेट पर पहुंचकर गार्डों को बताया था। गार्ड भी दौड़ते हुए घटना स्थल पर आए थे। जोसेफ दक्षिण भारत के रहने वाले हैं और वह सोसाइटी में टॉवर-5 में रहते हैं। 

टीएमयू अस्पताल में जॉब करते हैं। घटना का जिक्र करने पर जोसेफ ने हैरत जताते हुए कहा कि वह कैसे बच गए, वह ईश्वर के शुक्रगुजार हैं। कहा, वह पुनीत व अनुज के बराबर चलकर वॉक कर रहे थे। जोसेफ बोले, वह बहुत ही डरे हैं। उनके सामने जिंदगी में पहली बार इस तरह के हमले में किसी की हत्या हुई, जिसे उन्होंने अपनी आंखों से देखा है। डरे-सहमे जोसेफ को रात भर नींद नहीं आई। जोसेफ ने ये भी बताया कि अनुज चौधरी घटना के समय जिस ट्रैक पर वॉक कर रहे थे, उस ट्रैक पर इससे पहले कभी उन्होंने अनुज को वॉक करते नहीं देखा। यह ट्रैक अनुज के फ्लैट से उलटा पड़ता है। वैसे अनुज अपने फ्लैट के सामने ही वॉक किया करते थे। 

इंट्री गेट पर ड्यूटी कर रहे गार्ड मानक ने बताया कि घटना से करीब 20 मिनट पहले हमलावर सोसाइटी में बिना नंबर वाली काली रंग की नई स्पलेंडर बाइक से घुसे थे। इन्हें रोका तो बोले कि अनुज भइया से मिलने जा रहे हैं। इसलिए पूर्व में अनुज के द्वारा उनसे मिलने को आने वालों का गेट पर न रोकने की बात पर उन्होंने बाइक सवारों को रोका नहीं। सोसाइटी में ड्यूटी पर मौजूद सुपरवाइजर मोहित शर्मा और गेट नंबर दो पर ड्यूटी कर रहे गार्ड सुभाष चंद्र शर्मा ने बताया कि घटना के बाद से वह लोग घर नहीं लौटे हैं। पुलिस उन लोगों से थोड़ी-थोड़ी देर में आकर पूछताछ कर रही है।

ये भी पढ़ें : अनुज हत्याकांड: इकलौते चिराग संग परिवार की उम्मीदों का डूब गया सूरज

सोसाइटी के दूसरे गेट पर जड़ा ताला
पार्श्वनाथ प्रतिभा सोसाइटी के दूसरे गेट पर शुक्रवार को पूरे दिन ताला जड़ा रहा। हालांकि, गेट पर गार्ड सुभाष चंद्र शर्मा ड्यूटी देते रहे। उन्होंने बताया कि घटना को देखकर सुरक्षा कारणों से गेट पर ताला लगाया गया है।

भाजपा नेता अनुज चौधरी हत्याकांड में चार-पांच संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ चल रही है। अभी इस मामले में कुछ कहना जल्दबाजी होगी। नामजद अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें संबंधित स्थलों पर जाकर दबिश दे रही हैं। जल्द ही घटना का राजफाश करेंगे।- अखिलेश भदौरिया, पुलिस अधीक्षक नगर

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद: ताबड़तोड़ फायरिंग से ध्वस्त हुआ कानून का इकबाल, बेखौफ अपराधी दे रहे खौफनाक घटनाओं को अंजाम



संबंधित समाचार