बदायूं: मारपीट में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत, परिवार में मचा कोहराम
बदायूं/ओरछी, अमृत विचार। मारपीट में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। मौत से परिवार में कोहराम मचा है।
थाना फैजगंज बेहटा क्षेत्र के गांव खेड़ादास निवासी हरद्वारी (26) पुत्र मिश्री लाल के घर पर 9 अगस्त की शाम मेहमान आए हुए थे। वह मेहमानों की खातिरदारी के लिए सामान लेने के लिए शाम लगभग साढ़े सात बजे ओरछी चौराहे तक गए थे। रास्ते में चार युवक हरद्वारी का पीछा करने लगे।
हरद्वारी के परिजनों का आरोप है कि दुकान पर पहुंचने के बाद हरद्वारी ने जेब से रुपये निकाले तो उन युवकों ने हरद्वारी को पकड़ लिया। लकड़ी की फंटियों से पिटाई लगा दी। उन्हें धक्का देकर जमीन पर गिराया और उनके पांच हजार रुपये छीनकर मौके से फरार हो गए। हरद्वारी के सिर में चोट आई थी। सूचना मिलने पर परिजन पहुंचे थे। घायल को चंदौसी के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां इलाज के दौरान शुक्रवार देर रात उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। मृतक के चचेरे भाई जसवीर ने अंतिम संस्कार के बाद तहरीर देने की बात कही है।
ये भी पढ़ें- बदायूं: जामा मस्जिद के याची को पाकिस्तान से मिली धमकी, सुरक्षा मुहैया कराने की मांग
