रुद्रपुर: चोरी की आठ मोटरों के साथ दो गिरफ्तार
-शौक पूरा करने के लिए खेतों से चुराते थे पानी की मोटर
रुद्रपुर, अमृत विचार। शौक पूरा करने के लिए किसानों की खेतों से पानी की मोटर चुराने वाली गैंग के दो सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के पास से पुलिस ने चोरी की आठ पानी की मोटर बरामद की है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर लिया है।
एसपी अभय सिंह व सीओ वंदना वर्मा ने थाना कुंडा में मोटर चोरी का खुलासा करते हुए बताया कि थाना कुंडा क्षेत्र में बीते दिनों किसानों के खेत से पानी की मोटर चोरी होने की सूचना प्राप्त हो रही थी। जिस पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर चोरों की तलाश भी शुरू कर दी थी। शनिवार को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर गुरदयाल सिंह निवासी किलावली थाना कुंडा तथा सुमित कुमार निवासी नवलपुर थाना कुंडा को गिरफ्तार किया।
जिनके कब्जे से पुलिस ने कुंडा क्षेत्र से किसानों के खेत से चुराई गई आठ पानी की मोटर भी बरामद की है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि अपने शौक पूरा करने के लिए वह विगत माह से नवलपुर, किरावली, दुर्गापुर में किसानों के खेतों में लगी पानी की मोटरों को रात्रि में चोरी करके बेच देते थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर दोनों को कोर्ट में पेश किया है। पुलिस टीम में कुंडा थानाध्यक्ष दिनेश सिंह फर्त्याल, एसआई होशियार सिंह, कांस्टेबल बलवंत सिंह, जोगेंद्र सिंह शामिल रहे।
