हल्द्वानी: टाटा कैपिटल को झांसा देकर लगाई 5 करोड़ 78 लाख रुपये की चपत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हुंडई के डीलर और साथियों के खिलाफ मुखानी थाने में हुई एफआईआर

फर्जी दस्तावेजों के आधार पर एक कंपनी के नाम पर लिया गया था लोन

हल्द्वानी, अमृत विचार। एक कंपनी के नाम पर करोड़ों का लोन लेकर डकारने वाले लोगों के खिलाफ एसएसपी के निर्देश पर मुखानी पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। जिस पर लोन लेकर हड़पने का आरोप है, उसे हुंडई कंपनी का अधिकृत डीलर बताया जा रहा है। 

एसएसपी को दी शिकायत में टाटा कैपिटल फाइनेंशियल लिमिटेड के कलेक्शन मैनेजर दीपक लखेरा ने बताया कि नैनीताल रोड स्थित राजदीप कॉप्लेक्स में यूनिटेक इंजीनियर्स का कार्यालय है। जिसमें रतिश चन्द्र, तृप्ति भारद्वाज और अरविन्द कुमार पार्टनर हैं। जबकि रतिश चन्द्र पुत्र गिरीश बाबू मैसर्स युनिटेक एसोसिएट के प्रॉपराइटर और उनके भाई नवनीत कुमार व तृप्ति भारद्वाज गारंटर है।

आरोप है कि रतिश ने टाटा कैपिटल से 12 मशीनों की खरीद के लिए कुल 5,78,35,508 रुपये का लोन लिया था। अभियुक्त यूनिटेक इंजीनियर्स एक पार्टनरशिप फर्म है, जो कि हुंडई मोटर्स कम्पनी के अधिकृत डीलर हैं।

लोन देने के बाद टाटा कैपिटल की जानकारी में आया कि जिन मशीनों पर ऋण लिया गया है उन मशीनों की इनवॉइस और दस्तावेज फर्जी हैं। आरोपियों ने हाईपोथिकेटेड मशीनों को अन्य व्यक्ति को बेचकर लोन की रकम हड़प ली है। मुखानी पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।  


विवादित जमीन बेचकर वृद्ध से हड़प लिए 28 लाख रुपये

विवादित जमीन पर एक जालसाज ने वृद्ध से लाखों की रकम हड़प ली। मुखानी पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस को दी तहरीर में गांधीनगर बाजपुर निवाासी राम चौधरी पुत्र हंसराज ने कहा, पिछले साल उन्होंने बिलासपुर रामपुर के रहने वाले कृपाल सिंह पुत्र जगजीत सिंह के जरिये उदय लालपुर निवासी की जमीन का सौदा किया।

जिसके एवज में बतौर बयाना कृपाल सिंह को 28 लाख रुपये दिए थे। हालांकि बाद में राम चौधरी को पता लगा कि उक्त जमीन विवादित है। बीते माह कृपाल सिंह ने सीओ सिटी की मोजूदगी में इस बात को कुबूल भी किया और एक माह के भीतर रकम वापसी का भरोसा दिया। आरोप ने 7 लाख को किसी सूरत दे दिए, लेकिन 21 लाख रुपये नहीं दिए। 


मौत के बाद बैंक ने पिता की पेंशन किसी और को दे दी

बैंक के कर्मचारियों और एक व्यक्ति पर जालसाजी का आरोप लगा है। कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में तल्ली बमौरी निवासी भाष्कर चन्द्र पुत्र स्व. दुर्गादत्त ने कहा, उनके पिता का राजकीय पेंशनर खाता प्रधान शाखा नैनीताल डिस्ट्रिक कोआपरेटिव बैंक में है। पिता दुर्गादत्त की मृत्यु 31 जनवरी 2023 को हुई।

1 फरवरी 2023 को भाष्कर ने बैंक प्रबंधन और कर्मचारियों को पिता की मृत्यु की सूचना दी और कहा कि पिता की पेंशन राशि जारी न की जाए। बैंक ने भी भरोसा दिया। साथ ही कोषाधिकारी ने बैंक प्रबंधन को पत्र लिखकर जनवरी 2022 की पेंशन का भुगतान आश्रितों को करने का आदेश दिया, लेकिन बैंक ने कार्यवाही नहीं की।

भाष्कर जब बैंक पहुंचे तो पता लगा कि पेंशन की धनराशि शेखर चंद्र को दे दी गई है और खाता बंद कर दिया गया है। भाष्कर ने बैक प्रबंधक, कर्मचारियों व शेखर चन्द्र पर जालसाजी का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। 

यह भी पढ़ें: रुद्रपुर: चोरी की आठ मोटरों के साथ दो गिरफ्तार
 

संबंधित समाचार