बरेली: चार जोन में बंटा नगर क्षेत्र, बीईओ का स्कूलों में ठिकाना, कार्यालय तक नहीं

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

दो स्कूलों के कमरों में अफसरों का डेरा, यहीं से कर रहे सरकारी काम

बरेली, अमृत विचार। चार जोन वाले नगर क्षेत्र में खंड शिक्षा अधिकारियों का अपना कोई स्थाई कार्यालय नहीं है। वर्षों से खंड शिक्षा अधिकारियों के दो अस्थाई कार्यालय कोहाड़ापीर कंपोजिट स्कूल और कालीबाड़ी उच्च प्राथमिक स्कूल में चल रहे हैं। खंड शिक्षा अधिकारी कई बार स्थाई कार्यालय की मांग कर चुके हैं, मगर स्थिति जस की तस है।

कालीबाड़ी स्कूल में बरामदा और एक कमरा, कोहाड़ापीर स्कूल में तीन कमरों में खंड शिक्षा अधिकारियों का अस्थाई कार्यालय है। स्कूल में दिनभर विभागीय कार्य के लिए लोगों का आना जाना लगा रहता है। इससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होती है। वर्तमान में नगर में सिर्फ दो खंड शिक्षा अधिकारी ही तैनात हैं, जबकि प्रत्येक जोन के लिए एक- एक खंड शिक्षा अधिकारी का पद सृजित है। वहीं, फतेहगंज पश्चिमी ब्लॉक के परसाखेड़ा स्थित प्राथमिक स्कूल में बीआरसी कार्यालय बना दिया गया है, जबकि यह जगह नगर निगम के अंतर्गत आती है।

नगर निगम परिसर में था नगर शिक्षा अधिकारी का दफ्तर
शुरुआत जब खंड शिक्षा अधिकारियों की व्यवस्था नहीं थी, तब नगर निगम परिसर में ही नगर शिक्षा अधिकारी का दफ्तर डाकखाने के ऊपरी मंजिल पर था। बाद में प्रकाश विभाग की ओर से इसे शिफ्ट कर दिया गया। वर्तमान में इस कार्यालय में बैठने वाले अफसरों ने कालीबाड़ी स्थित स्कूल में डेरा जमा रखा है।

शहर क्षेत्र में चार खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालयों के लिए भवन की तलाश की जा रही है। इसके लिए प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द कार्यालयों को दूसरे स्थान पर शिफ्ट कराया जाएगा- संजय सिंह, बीएसए।

 ये भी पढ़ें- बरेली: सांड ने घर के बाहर सो रहे शख्स पर किया हमला, मौत 

संबंधित समाचार