बरेली: एक साल बाद भी सीएमपी नहीं मिलने से रुका मेट्रो का काम
नगर निगम में काम कर रही एजेंसी को देना है सीएमपी, कमिश्नर ने नगर निगम को पत्र भेजकर जताई नाराजगी
बरेली, अमृत विचार : बरेली में लाइट मेट्रो का काम काफी समय से रुका हुआ है। राइट्स के अफसर बरेली आकर सर्वे कर गए लेकिन लेकिन सिटी मोबेलिटी प्लान (सीएमपी) नहीं मिलने से काम आगे नहीं बढ़ पा रहा है। बीडीए के कई पत्रों को नजरअंदाज करने के बाद अब कमिश्नर ने नगर आयुक्त को पत्र भेज कर जल्द सीएमपी भेजने के निर्देश दिये हैं।
ये भी पढ़ें - बरेली: काकोरी कांड के क्रांतिकारियों की फौलादी इरादों की गवाह है सेंट्रल जेल
पिछले साल अप्रैल में हुई कैबिनेट बैठक में बरेली में लाइट मेट्रो चलाने के फैसले के बाद बीडीए ने बरेली में मेट्रो चलाने की तैयारी शुरू कर दी थी। पिछले साल मई में बीडीए वीसी की पहल पर राइट्स कंपनी को पत्र भेजकर शहरी यातायात के लिए परामर्श मांगा गया था। इस पर 7 जुलाई को बरेली में मेट्रो के सर्वे का काम शुरू हो गया था। सर्वे के दौरान ही कहा गया था कि नगर निगम में काम कर रही एजेंसी सिटी मोबेलिटी प्लान बीडीए को सौंपेगी।
एक साल बाद तक यह सीएमपी रिपोर्ट बीडीए को नहीं मिल पाई है। बीडीए ने इस संबंध में कई पत्र नगर निगम को भेजे लेकिन एजेंसी की यह रिपोर्ट अभी तक नहीं मिल पाई है। अब कमिश्नर सौम्या अग्रवाल ने नगर आयुक्त को पत्र भेजकर जल्द सीएमपी रिपोर्ट देने को कहा है। सूत्रों ने बताया कि सीएमपी रिपोर्ट नहीं मिलने से मेट्रो का ट्रैक तय नहीं हो पा रहा है। संभावित स्टेशन तय होने के बाद उसे मूहर्त दिया जाएगा। इसके बाद टिकट खिड़की बनाने में टिकट बिकेंगे या नहीं और इस पर कितना खर्चा आएगा आदि तमाम चीजें तय होंगी।
क्या है सीएमपी: शहर में कौन सा क्षेत्र ऐसा है जहां सबसे ज्यादा लोग आते हैं। जो लोग आते हैं उनमें किस क्षेत्र से लोगों का आना होता है। इसे केंद्र बिंदु मानते हुए सीएमपी तैयार किया जाता है। इसमें यह भी देखा जाता है कि पढ़ाई के लोग कहां से आ रहे हैं। कैसे गंतव्य तक पहुंच रहे हैं। काम के लिए कहां से आते हैं। कैसे और किस माध्यम से दूरी तय करते हैं।
सबसे ज्यादा आवाजाही वाले इलाके और आवागमन के साधन वाले क्षेत्र को केंद्र बिंदु मानकर सर्वे करते हैं। सेटेलाइट एरिया ऐसा है जहां से शहर के हर इलाके में आवागमन हो सकता है। ऐसे में सर्वे के लिए यह केंद्र बिंदु हो सकता है।
ये भी पढ़ें - बरेली: वाहन चोर गैंग का पर्दाफाश, गिरोह के तीन सदस्य गिरफ्तार
