बरेली: चलते ट्रांसफार्मर से तेल चोरी, मॉडल टाउन में बिजली गुल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

विभाग ने मोबाइल ट्रांसफार्मर लगाकर शुरू की बिजली आपूर्ति, सिविल लाइंस में अधिकारियों के आवास की भी गुल रही बिजली

बरेली, अमृत विचार : शहर में पहले से ही कभी ट्रांसफार्मर फुंकने तो कभी अन्य वजह से बिजली संकट हो रहा है। अब चोरों की वजह से भी परेशान बढ़ गई है। मॉडल टाउन में चोरों ने चलते ट्रांसफार्मर से तेल चोरी कर लिया, जिससे पूरे क्षेत्र की बिजली गुल हो गई। क्षेत्र में मोबाइल ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली आपूर्ति की गई।

ये भी पढ़ें - बरेली: काकोरी कांड के क्रांतिकारियों की फौलादी इरादों की गवाह है सेंट्रल जेल

वहीं सिविल लाइंस इलाके में शटडाउन के चलते पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों के आवास की भी बिजली आपूर्ति बाधित रही। शहर के अन्य इलाकों में भी कटौती और ट्रिपिंग होने से लोग परेशान हुए। माडल टाउन दशहरा मैदान के पास लगे बिजली के ट्रांसफार्मर से शनिवार की देर रात किसी समय तेल चोरी कर लिया। चोरों ने सबसे पहले ट्रांसफार्मर के पास लगा आउटलेट पाइप हटाया।

इसकी वजह से क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बंद हुई तो लोगों ने अधिकारियों को काल की। जिसके बाद बताया गया कि बिजली सप्लाई तो चालू है। बिजली कर्मचारियों के पेट्रोलिंग करने के बाद ट्रांसफार्मर से तेल चोरी होने की जानकारी हुई। विभाग की तरफ से रात में ही मोबाइल ट्रांसफार्मर को लगाकर बिजली आपूर्ति शुरू कराई गई।

अधिशासी अभियंता अनुज गुप्ता ने बताया कि इस मामले में बारादरी थाने में तहरीर देकर तेल चोरी करने वालों पर रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। हालांकि शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में पहले भी ट्रांसफार्मर से तेल चोरी होने के मामले सामने आ चुके हैं, लेकिन अभी तक किसी घटना का खुलासा नहीं हो सका है।

शटडाउन के चलते कमिश्नर और डीएम आवास की बिजली भी गुल: शहर में स्मार्ट सिटी के तहत हो रहे काम को लेकर हर रोज बिजली कटौती की जा रही है। रविवार को शटडाउन के चलते कमिश्नर और डीएम आवास की बिजली आपूर्ति भी बंद रही। सर्किट हाउस फीडर की विद्युत आपूर्ति सुबह 6 से 8 बजे तक और सिविल लाइंस प्रथम उपकेंद्र से पोषित फीडर बेसू टू और सिविल लाइंस 2 विद्युत उपकेंद्र से पोषित फीडर कमल टॉकीज की विद्युत आपूर्ति सुबह 7 से 9 बजे तक गुल रही।

जिसके चलते सर्किट हाउस चौराहा, डीएम आवास, एडीएम कम्पाउन्ड, कमिश्नर आवास, एसएसपी कार्यालय, हेड पोस्ट ऑफिस क्षेत्र, भटनागर कॉलोनी, डाॅक्टर कालोनी, ऑफिसर्स हास्टल, चौपुला क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बंद रही। वहीं शहर के किला, सुभाषनगर, मढ़ीनाथ और महानगर के साथ हरुनगला उपकेंद्र से जुड़े इलाकों में भी कटौती और ट्रिपिंग का क्रम जारी रहा।

ये भी पढ़ें - बरेली: वाहन चोर गैंग का पर्दाफाश, गिरोह के तीन सदस्य गिरफ्तार

संबंधित समाचार