मामा हत्याकाड: करीबियों पर पुलिस का मंडरा रहा शक, कई बिंदुओं पर कर रही जांच-पड़ताल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ/ निगोहां, अमृत विचार। निगोहां के पुरहिया में किसान सुंदर उर्फ मामा (45) की हत्या के मामले में पुलिस की सुई करीबियों पर ही टिकी हुई है। यही वजह है कि पुलिस मृतक की बहन और बहनोई सहित उनके बेटे व बहुओं से अलग-अलग पूछताछ कर बहुत जल्द खुलासा करने का दावा कर रही है। पुलिस की एक टीम मृतक के रायबरेली के बछरावां स्थित कलुई खेड़ा गांव भी पड़ताल करने गई थी। 

वहीं पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सुंदर की मौत सिर में गहरी चोट और उसके बाद कोमा में जाने से हुयी है। गौरतलब है कि, मृतक सुंदर कोरी उर्फ मामा का शव घर से एक सौ मीटर दूर रवि के खेत में पड़ा मिला था। फूलमती का आरोप था कि घर का सामान बिखरा पड़ा है। चोरी की नियत से घुसे लोगों ने ही जगने पर उसके भाई की हत्या कर दी है। 

वहीं पुलिस ने भांजे सोनू की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पोस्टमार्टम से शव लौटने के बाद भांजे सोनू ने गांव में ही अपने खेत पर मामा सुंदर का अंतिम संस्कार कर दिया। एसीपी सर्किल मोहनलालगंज नितिन सिंह ने बताया पुलिस की कई टीमें खुलासे के लिये लगी हुई बहुत जल्द खुलासा हो जाएगा।

पैतृक गांव पहुंचकर की पड़ताल
एसीपी मोहनलालगंज नितिन सिंह की अगुवाई में पुलिस की एक टीम मृतक सुंदर के गांव रायबरेली के कलुई खेड़ा पहुंचकर भी परिवार के अन्य लोगों से सुंदर के बारे में पूछताछ की साथ ही उसकी सम्पत्ति के बारे में भी जानकारी जुटाकर हत्या से जोड़कर पड़ताल कर रही है। 

सुंदर की हत्या के बाद फूलमती के घर पास रहने वाले ग्रामीणों और महिलाओं ने बताया कि शुक्रवार देर रात तक फूलमती के घर से तेज-तेज झगड़े की आवाजें आ रही थी। ग्रामीणों की माने तो करीब 11 बजे आवाजें आना बंद हो गई थी। उसके बाद करीब एक बजे सुंदर के घर से गायब होने की बात को लेकर शोर शुरू हुआ था।

जमीन से मिले पैसे भी विवाद की वजह
मृतक सुंदर के पैतृक गांव में जमीन का एक टुकड़ा चार साल पहले बिका था। जिसकी रकम सुंदर ने बहन के घर में दी थी। ग्रामीणों की मानें तो दो माह पहले भी एक जमीन बिकी थी। जिसका कुछ पैसा सुंदर ने बहन और एक भांजे को दिया था। जिसको लेकर आपसी मनमुटाव चल रहा था।

यह भी पढ़ें:-लखनऊ: फर्जी फिटनेस प्रमाणपत्र से नौकरी के लिए विदेश जा रहे बेरोजागर युवा

संबंधित समाचार