प्रधानमंत्री मोदी ने कहा- भारत दुनिया में सबसे तेजी से 5 जी रॉलआउट करने वाला देश बना, अब 6 जी की तैयारी हो रही है
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज कहा कि भारत दुनिया में सबसे तेजी से 5 जी रॉलआउट करने वाला देश बन गया है और अब 6 जी की तैयारी हो रही है। मोदी ने 77वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लालकिले की प्राचीर से राष्ट्र को संबोधित करते हुये कहा कि 5 जी को रोल आउट किया, दुनिया में सबसे तेज गति से 5जी रोल आउट करने वाला देश भारत बन चुका है।
700 से अधिक जिलों तक 5 जी सेवा पहुंच चुकी है। अब 6 जी की भी तैयारी चल रही है। इसके लिए टास्क फोर्स बनाया गया है। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले देश में इंटरनेट डेटा महंगा था लेकिन आज दुनिया में सबसे सस्ता है।
इससे लोगों का इसपर होने वाला व्यय कम हुआ है। उन्होंने कहा कि भारत नवीनीकरणीय ऊर्जा के लक्ष्य से आगे चल रहा है। जो लक्ष्य 2030 का था उसे 2021-2022 में पूरा कर लिया गया और अब आगे तेजी से बढ़ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भारत की डिजिटल इंडिया की सफलता के लिए, उसकी बारिकियों को जानने के लिए हर कोई इच्छुक होता है। उन्होंने कहा कि भारत ने जो कमाल किया है वो दिल्ली, मुंबई, चेन्नई तक सीमित नहीं है, भारत जो कमाल कर रहा है, टियर-2, टियर-3 के युवा भी आज देश का भाग्य गढ़ रहे हैं।
छोटे-छोटे स्थान के नौजवानों के अंदर जो सामार्थ्य है उनके बल पर नए ऐप, नए सोल्यूशन, टेक्नोलॉजी डिवाइस आदि बना रहे हैं। देश की सौ स्कूल ऐसे हैं, जहां के बच्चे सेटेलाइट बना करके सेटेलाइट छोड़ने की तैयारियां कर रहे हैं।
आज हजारों टिंकरिंग लैब नये वैज्ञानिकों का गर्भाधान कर रही है। आज हजारों टिंकरिंग लैब लाखों बच्चों को सांइस और टेक्नोलॉजी के राह पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरणा दे रही है। उन्होंने कहा “मैं मेरे देश के नौजवानों को कहना चाहता हूं कि अवसरों की कमी नहीं है, आप जितने अवसर चाहेंगे, ये देश आसमान से भी ज्यादा अवसर आपको देने का सामर्थ्य रखता है।
