हल्द्वानी: सीएनजी बस ठप होने से यात्रियों की हुई फजीहत, किया हंगामा
हल्द्वानी डिपो की सीएनजी बस मंगलवार रात 12 बजे गजरौला के पास सीएनजी पाइप लीक होने के कारण हुई बंद
रूद्रपुर डिपो की बस भी पाइप लीक होने के कारण हुई बीच रास्ते बंद यात्रियों ने किया हंगामा, कई देर बाद दूसरी बसों से किया दिल्ली के लिए रवाना
हल्द्वानी, अमृत विचार। हल्द्वानी डिपो की दिल्ली मार्ग पर चलने वाली सीएनजी बस मंगलवार रात गजरौला के पास ठप हो गई। हल्द्वानी डिपो से मिली जानकारी के अनुसार सीएनजी पाइप लीक होने के कारण बस की सीएनजी समाप्त हो गई। जिससे बस गजरौला के पास बंद पड़ गई।
मंगलवार रात 12 बजे बीच राह बस ठप पड़ जाने पर यात्रियों ने परिवहन निगम के प्रति गहरी नाराजगी जताई और काफी देर तक हंगामा किया। कई देर बाद यात्रियों को दूसरी बस में बैठाकर दिल्ली के लिए रवाना किया गया। वहीं दूसरी तरफ रूद्रपुर डिपो की बस में भी इस तरह का मामला सामने आया है।
डिपो के परिचालक ने बताया कि सीएनजी टैंक फुल था लेकिन पाइप लीक होने के कारण पूरी सीएनजी बर्बाद हो गई और बस ठप पड़ गई। जिस पर बस स्वामी से ऑनलाइन रुपये मंगाकर फिर से सीएनजी भरी गई। परिचालक ने बताया कि सीएनजी बसों में बार-बार दिक्कतें आ रही हैं।
इस कारण बस स्वामियों को चपत लग रही है और साथ ही परिवहन निगम को भी आर्थिक नुकसान हो रहा है। सीएनजी बसों में दिक्कतों को लेकर पूर्व में भी कई बार शिकायतें आ चुकी हैं। सीएनजी पाइप लीक होने तथा कुछ अन्य तकनीकी दिक्कतों के कारण बसें बीच रास्ते में कभी भी बंद हो जाती हैं जिससे यात्रियों को घंटों सड़क में परेशान होना पड़ता है।
अनुबंधित सीएनजी बसों के परिचालकों से मिली जानकारी के अनुसार पाइप लंबे होने के साथ ही इनमें बहुत अधिक मोड़ हैं और कोई सपोर्ट नहीं है इस कारण यह जगह- जगह से फट जाते हैं। बसों में खामियों के कारण यात्रियों को दूसरी बसों के इंतजार में देर रात सड़कों में घंटों खड़े रहना पड़ता है।
यह भी पढ़ें: रुद्रपुर: दोबारा चुराने आया मोबाइल तो दबोचा
