बदायूं: तमंचे के बल पर चिकित्सक दंपती को बंधक बनाकर लूटपाट
बदायूं, अमृत विचार : असलाहधारी पांच बदमाशों ने चिकित्सक दंपती को तमंचे की नोक पर बंधक बनाया। चिकित्सक को खींचते हुए कमरे में ले गए। जहां चिकित्सक और उनकी चिकित्सक पत्नी के टेप से हाथ बांध दिए। अलमारी से 40 हजार रुपये की नगदी और आभूषण लेकर फरार हो गए। एसएसपी डॉ. ओपी सिंह, एसपी सिटी अमित किशोरी श्रीवास्तव ने मौका मुआयना किया।
पुलिस और एसओजी को जल्द से जल्द घटना का खुलासा करने का निर्देश दिया है। पीड़ित चिकित्सक ने तहरीर दी है। कोतवाली सदर क्षेत्र के मोहल्ला जोगीपुरा में लाबेला चौक और छह सड़का के बीच डॉ. एसएन गोविल अपने आवास पर क्लीनिक चलाते हैं। बुधवार की शाम 6 बजे क्लीनिक बंद करने के बाद वह शाम 7 बजे अपने क्लीनिक के बरामदे में बैठे थे। अचानक पांच लोग क्लीनिक पर आए और अपने मरीज को दिखाने की बात कही।
चिकित्सक ने कहा कि क्लीनिक बंद हो चुका है और कंपाउंडर भी जा चुके हैं। गुरुवार को आने की बात कही। एक बदमाश ने चिकित्सक के ऊपर तमंचा तान दिया। चिकित्सक को खींचकर ड्राइंग रूम में ले जाकर गिरा दिया। इसी दौरान रसोइघर में चाय बना रहीं चिकित्सक की पत्नी डॉ. मृदुला गोविल आ गईं। बदमाशों ने उन्हें भी तमंचे की नोक पर ले लिया। चिकित्सक दंपती को मारापीटा।
दोनों के हाथ टेप से बांध दिए। शोर करने पर गोली मार देने की धमकी दी। अलमारियां खोलने लगे। बदमाशों ने अलमारी से 40 हजार रुपये, सोने-चांदी के आभूषण निकाल लिए। इसी दौरान डॉ. मृदुला गोविल के फोन की घंटी बजी और किसी ने दरवाजा खटखटाया। बदमाश चिकित्सक दंपती को कमरे में छोड़कर दूसरे रास्ते से भाग गए। दंपती ने शोर मचाया। पड़ोसी पहुंचे। दंपती के हाथ से टेप खोला। पुलिस को सूचना दी।
कोतवाली सदर के क्राइम इंस्पेक्टर और सिविल लाइन के प्रभारी निरीक्षक गौरव विश्नोई पहुंचे। उन्होंने आलाधिकारियों को सूचना दी। कुछ ही समय के बाद एसएसपी और एसपी सिटी घटना स्थल पर आ गए। उन्होंने पीड़ित दंपती से जानकारी की। फारेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। एसएसपी ने एसओजी और पुलिस को जल्द खुलासा करने का निर्देश दिया है।
लाबेला चौक और छह सड़का के बीच चिकित्सक का आवास है। शाम के समय कुछ बदमाश उनके मकान पर आ गए। चिकित्सक दंपती को किनारे करके घर से कुछ सामान लूट लिया है। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंच गई थी। चिकित्सक से तहरीर प्राप्त कर ली गई है। रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।- अमित किशोर श्रीवास्तव, एसपी सिटी।
ये भी पढ़ें - बदायूं: आपसी कहासुनी में पत्नी और आठ महीने की बच्ची की हत्या, आरोपी पति गिरफ्तार
