अयोध्या में रूट डायवर्जन ने बढ़ाई नौकरी-पेशा लोगों की मुसीबतें, रोज लग रहा जाम
17 से 21 अगस्त तक लागू है डायवर्जन
अयोध्या, अमृत विचार। श्रावण झूला मेला व कावड़ यात्रा को सुगम बनाने के लिए लागू किया गया रूट डायवर्जन नौकरी-पेशा वाले लोगों के लिए मुसीबत का सबब बन गया है। चारों तरफ चल रहे निर्माण कार्यों की वजह से लोगों को गली-कूचे का सहारा लेना पड़ रहा है, ऐसे में लागू हुए डायवर्जन से अब लोगों की मुसीबतें और बढ़ गईं हैं। सड़कों पर जाम की स्थिति भी देखने को मिल रही है।
श्रावण झूला मेला व कांवड़ यात्रा को देखते हुए 17 से 21 अगस्त तक रूट डायवर्जन किया गया है। जिसके कारण अयोध्या के शहरी क्षेत्र ही नहीं बल्कि आस-पास के जनपदों को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग भी प्रभावित हो रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जगह- जगह बैरिकेडिंग होने से लोगों को अपने गन्तव्य तक पहुंचने के लिए दुश्वारियां झेलनी पड़ रही हैं। उनका कहना है कि कहीं-कहीं ड्यूटी पर लगाये गए सुरक्षा कर्मियों से झिकझिक भी हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अयोध्या-अम्बेडकरनगर मुख्य मार्ग को बंद कर दिया गया है और दूसरे रास्ते से जाने के लिए बताया जा रहा है। दूसरे रास्ते से जाने पर उनका समय और ईंधन की बर्बादी हो रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि अयोध्या-अम्बेडकरनगर मुख्य मार्ग पर एक लेन कावंड़ियों के लिए आरक्षित कर दिया जाए तो भी यातायात सुगमता से संचालित किया जा सकता है। नौकरी-पेशा वाले कर्मचारियों का परिचय पत्र देख उन्हें मुख्य मार्ग से जाने दिया जाए या फिर जब तक डायवर्जन लागू है तब तक अवकाश प्रदान किया जाए, ताकि यातयात के दौरान दुश्वारियां न झेलनी पड़ी।
ये भी पढ़ें -Ghosi By election : सपा कार्यकर्ताओं और पुलिस में झड़प, सुधाकर सिंह के साथ नामांकन में जाने पर अड़े
