बरेली: डिप्टी सीएम करेंगे समीक्षा, ग्रामीण विकास में सपा आगे या भाजपा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अफसरों ने 2012 से अब तक के विकास कार्यों का तैयार किया ब्योरा

बरेली, अमृत विचार। ग्रामीण विकास की योजनाओं पर सपा सरकार के दौरान ज्यादा काम हुआ या फिर भाजपा के, ग्राम्य विकास विभाग देख रहे डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य की मंडलीय समीक्षा के दौरान शनिवार को यह भी साफ होगा। ऊपर से मिले निर्देशों पर विभागीय अफसरों ने 2012 के बाद अब तक हुए विकास कार्यों का ब्योरा तैयार किया है। समीक्षा के बाद डिप्टी सीएम किसी निर्माणाधीन परियोजना का निरीक्षण भी कर सकते हैं ताकि यह भी स्पष्ट हो सके कि विकास कार्यों की गुणवत्ता का स्तर क्या है।

डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य शनिवार को बरेली पहुंचेंगे और मंडल भर के अफसरों के साथ पिछले 11 सालों में हुए विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे। डिप्टी सीएम के कार्यक्रम के मुताबिक विभागीय अफसरों ने लगभग सभी तैयारियां पूरी कर ली है। ग्राम्य विकास विभाग ने जो बुकलेट तैयार की है, उसमें 2012 से अब तक हुए विधायक निधि और मनरेगा समेत 19 बिंदुओं पर मंडल के सभी जिलों का डाटा रखा गया है।

बुधवार देर शाम जारी कार्यक्रम के अनुसार डिप्टी सीएम दोपहर पौने दो बजे हेलीकॉप्टर से पुलिस लाइन में उतरेंगे। इसके बाद 1.55 बजे सर्किट हाउस में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बातचीत करेंगे। इसके बाद 2.55 से 4:25 के बीच पहले समीक्षा बैठक और फिर मंडल के सभी ब्लॉक प्रमुखों और बीडीओ के सम्मेलन में शामिल होंगे। फिर जिले की निर्माणाधीन परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण करने निकलेंगे। बैठक में कमिश्नर के अलावा मंडल के चारों जिलों के सीडीओ, डीडीओ, डीपीआरओ, डीसी मनरेगा, डीसी एनआरएलएम के अलावा सभी बीडीओ और ब्लॉक प्रमुख शामिल रहेंगे।

इन योजनाओं की भी करेंगे समीक्षा
डिप्टी सीएम साल 2021-22 से 2023-24 तक प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण और मुख्यमंत्री आवास योजना की जिलेवार समीक्षा करेंगे। इसके अलावा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत समूह गठन, रिवाल्विंग फंड, सामुदायिक निवेश निधि, बैंक क्रेडिट लिंकेज, बीसी सखी, विद्युत सखी, प्रधानमंत्री ग्रामीण सडृक योजना में मरम्मत के काम, नए संपर्क मार्ग, वित्तीय प्रगति के अलावा विधायक निधि की भी प्रगति देखेंगे। 

अफसरों के मुताबिक डिप्टी सीएम जिले में चल रही बड़ी परियोजनाओं की भी जानकारी लेंगे और अधिकारियों को सरकार की मंशा से अवगत कराएंगे। वह किसी सरकारी दफ्तार या परियोजना का निरीक्षण भी कर सकते हैं। पीडी डीआरडीए तेजवंज सिंह ने बताया कि अफसरों को समीक्षा बैठक में पूरी तैयारी के साथ आने का निर्देश दिया गया है।

यह भी पढ़ें- बरेली: आवारा पशुओं से परेशान ग्रामीणों ने कैबिनेट मंत्री धर्मपाल का रोका रास्ता, 40 मिनट तक फंसा रहा काफिला

संबंधित समाचार