बरेली: शटडाउन का झटका... गर्मी में आठ घंटे बिलबिलाते रहे 60 हजार लोग, घरों के इन्वर्टर भी दे गए जवाब

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सुबह 9:30 बजे पांच घंटे का लिया गया था शटडाउन मगर आठ घंटे बाद बहाल हुई आपूर्ति

बरेली, अमृत विचार। महानगर विद्युत सब स्टेशन पर बाइफरकेशन का काम करने के लिए बृहस्पतिवार को पांच घंटे का शटडाउन लिया गया था लेकिन समय पर काम पूरा न हो पाने से आठ घंटे से भी ज्यादा कटौती की गई, इससे गर्मी में करीब 60 हजार लोग बेहाल रहे। लोगों के घरों के इन्वर्टर ठप हो गए। पेयजल संकट भी गहरा गया। सिविल लाइंस और कुतुबाना इलाके में भी शटडाउन के चलते कई घंटे की बिजली ठप रही।

महानगर बिजली उपकेंद्र पर फीडर बाइफरकेशन का काम करने के लिए बृहस्पतिवार को सुबह 9:30 से दोपहर 2:30 बजे तक शटडाउन लिया गया था। हालांकि इसकी सूचना पावर कारपोरेशन पहले ही लोगों को दे दी थी मगर ढाई बजे के बाद भी बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी।

इसके चलते महानगर, परवानानगर, मुंशीनगर, बन्नूवालनगर, बड़ी विहार, छोटी विहार, आशुतोष सिटी, आकांक्षा एन्क्लेव और सरदारजी काॅलोनी के करीब 60 हजार लोग बेहाल हो गए। लोगों के घरों के इन्वर्टर ठप हो गए। इससे गर्मी में और दिक्कत झेलनी पड़ीं। बिजली नहीं आने से पेयजल संकट भी गहरा गया। शाम करीब पौने छह बजे बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी।

सिविल लाइंस और कुतुबखाना में भी कई घंटे रहा संकट
शटडाउन के चलते सिविल लाइंस और कुतुबखाना बिजलीघर से जुड़े इलाकों में कई घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। सिविल लाइंस प्रथम के सभी फीडर से सुबह 6 से 8 बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। कमल टॉकिज फीडर की बिजली आपूर्ति सुबह 7 से 9 बजे तक गुल रही।

मिशन कंपाउंड उपकेंद्र के चौपुला फीडर और कुतुबखाना विद्युत उपकेंद्र से पोषित जिला अस्पताल फीडर की आपूर्ति सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक स्मार्ट सिटी के काम होने के चलते बाधित रही। इस वजह से गांधी उद्यान, पटेल चौक, सर्किट हाउस चौराहा, डीएम आवास, मंदाकिनी टावर, एडीएम कंपाउंड, कमिश्नर आवास, एसएसपी कार्यालय, हेड पोस्ट ऑफिस क्षेत्र, भटनागर कॉलोनी, डाॅक्टर कालोनी, ऑफिसर्स हास्टल, चौपुला क्षेत्र के लोग परेशान होते रहे।

नवादा शेखान में तार टूटने से तीन घंटे गुल रही बिजली
पुराना शहर के नवादा शेखान में बुधवार रात एक बिजली का तार टूटने से हजारों घरों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। रात नौ बजे टूटा तार रात करीब 12 बजे जुड़ सका। ऐसे में तीन घंटे लोगों को बिजली संकट झेलना पड़ा। वहीं जगतपुर और हरुनगला क्षेत्र में भी तीन से चार घंटे बिजली गुल रही। किला, सुभाषनगर और मढ़ीनाथ क्षेत्र में भी ट्रिपिंग और कटौती का क्रम जारी रहा।

यह भी पढ़ें- बरेली: आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चे भी करेंगे अब ऑनलाइन पढ़ाई, इंस्टॉल करना होगा ये App

संबंधित समाचार