शाहजहांपुर: ट्रक ने मारी टक्कर, कांवड़ियों से भरी ट्रॉली दुर्घटनाग्रस्त
अल्हागंज/जलालाबाद/शाहजहांपुर, अमृत विचार। घटियाघाट पंचाल घाट से गंगाजल लेकर ट्रैक्टर-ट्रॉली से करीब 60 लोग छोटी काशी गोला जा रहे थे। जलालाबाद-अल्हागंज मार्ग पर चौरसिया मंदिर के सामने ट्रक ने ट्राली को टक्कर मार दी, जिससे ट्रॉली में सवार 12 कांवड़िया घायल हो गए और कुछ कांवड़िये ट्राली से कूद गए। घटना को लेकर कांवड़ियों ने स्टेट हाइवे पर जाम लगा दिया। एएसपी ग्रामीण संजीव कुमार बाजपेयी ने पहुंचकर कांवड़ियों को समझाकर शांत कराया, तब करीब पौन दो घंटे बाद जाम खुला। सभी घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया है।
लखीमपुर खीरी जिले के मोहम्मदी थाना के गांव महौलिया के करीब चार दर्जन कांवड़िया गुरुवार की सुबह घटियाघाट पर पांचाल घाट पर गंगाजल लेने के लिए गए थे। कांवड़िये गंगाजल लेकर ट्रैक्टर-ट्राली से दोपहर बाद शाम पांच बजे छोटी काशी गोला जा रहे थे। स्टेट हाईवे जलालाबाद-अल्हागंज मार्ग पर चौरसिया मंदिर के सामने ट्रक ने पीछे से ट्राली को टक्कर मार दी। टक्कर लगने पर एक दर्जन कांवड़िये घायल हो गए। इस दौरान कुछ कांवड़िये अपनी जान बचाकर ट्राली से कूद गए। चालक ट्रक छोड़कर भागा तो लोगों ने पीछा करके चालक को पकड़ लिया। सूचना पर थाना प्रभारी मौके पर फोर्स के साथ पहुंच गए।
पुलिस ने घायल कांवड़िये अंकेश, पिंकू, पंकज, सुरेश, मुनेंद्र, राम दुलारे आदि समेत एक दर्जन घायलों को स्वास्थ्य केंद्र पर भेज दिया। डाक्टर ने सभी घायल कांवड़ियों को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। पुलिस की लापरवाही पर आरोप लगाते हुए कांवड़ियों ने स्टेटे हाइवे पर जाम लगा दिया। इस दौरान दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गयी। पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। जलालाबाद सीओ पहुंचे और कांवड़ियों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन कांवड़िये की मांग थी कि घायलों को मुआवजा दिया और चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाए और घायलों को बेहतर इलाज दिया जाए।
इधर जलालाबाद प्रभारी निरीक्षक भी फोर्स के साथ पहुंच गए। एएसपी ग्रामीण संजीव कुमार बाजपेयी पहुंचे और कांवड़ियों को आश्वासन दिया कि घायलों को मुआवजा, चालक के खिलाफ रिपोर्ट और घायलों को बेहतर उपचार मिलेगा। इस आश्वासन पर पौने दो घंटे बाद जाम समाप्त हुआ।
ये भी पढे़ं- शाहजहांपुर: बजाज चीनी मिलों से समय से भुगतान कराने की मांग
