Banda News: मिड-डे मील का राशन चोरी कर घर ले जाती प्रधानाध्यापिका, विरोध करने पर विद्यालय के बच्चों की पिटाई

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बांदा में मिड-डे मील का राशन चोरी कर घर ले जाती प्रधानाध्यापिका।

बांदा में मिड-डे मील का राशन चोरी कर प्रधानाध्यापिका घर ले जाती। विरोध करने पर विद्यालय के बच्चों की पिटाई की जाती। ग्राम प्रधान व बच्चों ने डीएम से मामले की शिकायत की।

बांदा, अमृत विचार। ग्राम प्रधान अमलोर समेत पूर्व माध्यमिक विद्यालय कम्पोजिट की छात्राओं ने प्रधानाध्यापिका के खिलाफ शिकायत पत्र जिलाधिकारी को सौंपकर न्याय की गुहार लगाई। शिकायत पत्र में प्रधानाध्यापिका पर मिड-डे मील का राशन चोरी कर अपने घर ले जाने और विरोध करने पर बच्चों की पिटाई करने जैसे कई गंभीर आरोप लगाये गये हैं।

माध्यमिक विद्यालय कंम्पोजिट अमलोर की प्रधानाध्यापिका किरण शुक्ला ने बच्चों से मारपीट की। इसकी शिकायत बच्चों ने ग्राम प्रधान प्रिया सिंह से की। इस पर जब ग्राम प्रधान ने मौके पर जाकर जानकारी की तो पता चला कि प्रधानाध्यापिका पढ़ने को आने वाले विद्यालय के बच्चों से विद्यालय में न सिर्फ झाड़ू लगवाकर सफाई करवाती हैं बल्कि परिसर की घास साफ करवाती हैं।

विद्यालय में बच्चों को खेलकूद की सामग्री नहीं उपलब्ध कराई जाती। मिड-डे मील के लिये सरकार राशन में जो चावल-गेहूं आदि उपलब्ध करवाती है प्रधानाध्यापिका छिपाकर चोरी से उस राशन को अपने घर ले जाती हैं। बच्चे जब प्रधानाध्यापिका की इन हरकतों का विरोध करते हैं तो उनके साथ मारपीट की जाती है।

इसी बात को लेकर शुक्रवार को ग्राम प्रधान समेत विद्यालय के छात्रों ने जिलाधिकारी को शिकायत पत्र सौंपते हुए प्रधानाध्यापिका की कारगुजारियां उजागर कीं। जिलाधिकारी ने मामले की जांच करवाकर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। 

संबंधित समाचार